
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : उत्तर रेलवे प्रमोटी अधिकारी एसोसिएशन की एग्जीक्यूटिव काउंसिल बैठक का आयोजन शुक्रवार उत्तर रेलवे के प्रधान कार्यालय, बड़ौदा हाउस में सफलतापूर्वक किया गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में उत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक हर्ष खरे एवं प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी सुजीत मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
बैठक के दौरान एसोसिएशन ने ग्रुप ‘बी’ अधिकारियों से जुड़े कई अहम प्रशासनिक और सेवा संबंधी मुद्दों को वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष उठाया।
वेतन विसंगतियों और करियर प्रोग्रेशन पर चर्चा
एसोसिएशन ने अपर महाप्रबंधक और प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी के साथ ग्रुप ‘बी’ अधिकारियों की संशोधित सुनिश्चित करियर प्रगति योजना से संबंधित वेतन विसंगतियों और उनके करियर प्रोग्रेशन (संवर्द्धन) से जुड़े गंभीर विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
अधिकारियों के योगदान की सराहना
उत्तर रेलवे के AGM और PCPO ने ग्रुप ‘बी’ प्रमोटी अधिकारियों द्वारा रेलवे के कुशल संचालन में दिए जा रहे बहुमूल्य योगदान और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों की समस्याओं पर सकारात्मक रुख अपनाने का आश्वासन भी दिया।
वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी राजेश खरे का सम्मान
इस अवसर पर एक भावुक और गरिमामयी विदाई समारोह का भी आयोजन किया गया। उत्तर रेलवे प्रमोटी अधिकारी एसोसिएशन द्वारा सेवानिवृत्त हो रहे उत्तर रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी राजेश खरे को उनकी 36 साल की उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही, राम लखन सचान, राम किशन तिवारी, राजबीर सिंह को उत्कृष्ट सेवाओं एवं हेमंत कुमार को एसएजी पर पदोन्नति के लिए एसोसिएशन के पदाधिकारियों और मुख्य अतिथियों ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर उनके आगामी सुखद, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
बैठक में एसोसिएशन के अमित जैन – महासचिव, एच. सी. यादव – सलाहकार, विरेंदर कुमार – महासचिव, बी. बी.गर्ग – कार्यकारी अध्यक्ष सहित उत्तर रेलवे के विभिन्न मंडलों से आए भारी संख्या में प्रमोटी अधिकारी उपस्थित रहे।
