आर्थिक अभावों के साथ छात्र शिवा JEE Advanced 2026 में सफल, माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने किया सम्मानित

अशोक यादव, लखनऊ : जनपद बाराबंकी के विकासखंड निन्दूरा स्थित ग्राम एवं पोस्ट मोहसंड निवासी तथा राजकीय इंटर कॉलेज, निन्दूरा के मेधावी छात्र शिवा ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Advanced 2026 में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र, विद्यालय एवं परिवार का नाम रोशन किया है। घोषित परिणाम में शिवा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 5344वीं रैंक प्राप्त की है।

शिवा के पिता श्री आनन्द प्रकाश दैनिक मजदूरी, राजगीरी एवं कृषि कार्य से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती सोनी गृहिणी हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों और संघर्षपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद परिवार ने शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। शिवा ने कठिन परिस्थितियों में निरंतर अध्ययन करते हुए अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखा और अपनी मेहनत के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने शिवा को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके माता-पिता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी भी लगन, अनुशासन और अथक परिश्रम के बल पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे शिवा की सफलता से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करें।

ग्रामीण परिवेश और आर्थिक अभावों के बीच JEE Advanced जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर शिवा ने यह सिद्ध कर दिया है कि सफलता का मार्ग संसाधनों से नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास से प्रशस्त होता है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

इस अवसर पर उप शिक्षा निदेशक ओम प्रकाश त्रिपाठी, विद्यालय के प्रधानाचार्य भानु प्रताप सिंह तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button