बीबीएयू में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर प्रेस मीट आयोजित : नई शैक्षणिक एवं अधोसंरचनात्मक योजनाओं की घोषणा

अशोक यादव / राहुल यादव, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में गुरुवार 4 जून को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया हेतु प्रेस मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इसके अतिरिक्त मंच पर डीन ऑफ अकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू, कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, एडमिशन सेल कमेटी के अध्यक्ष प्रो. अमित कुमार सिंह एवं विश्वविद्यालय जनसंपर्क अधिकारी डॉ. रचना गंगवार उपस्थित रहीं।

विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय का निरंतर प्रयास विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुखी एवं समग्र शिक्षा प्रदान करना रहा है। इसी उद्देश्य से विश्वविद्यालय में कौशल आधारित पाठ्यक्रमों तथा वैल्यू एडेड कोर्सों का लगातार विस्तार किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप ज्ञान एवं कौशल प्राप्त हो सके। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में आधुनिक सुविधाओं से युक्त लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जो लगभग सितंबर तक पूर्ण होने की संभावना है।

अमेठी परिसर के विकास के संबंध में प्रो. मित्तल ने जानकारी दी कि लगभग एक करोड़ रुपये के बजट से विभिन्न विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं, जिनके अंतर्गत सूचना प्रौद्योगिकी आधारित सुविधाओं का विस्तार, लाइव लेक्चर की व्यवस्था, अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण, छात्रावासों विशेषकर बालिका छात्रावास में सीटों की संख्या में वृद्धि, 24×7 निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु सब-स्टेशन की स्थापना, लगभग 60 कंप्यूटरों से युक्त आधुनिक कंप्यूटर लैब तथा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए नए वाटर कूलरों की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

वहीं लखनऊ परिसर के समग्र एवं सतत विकास की चर्चा करते हुए विश्वविद्यालय कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय को नेट-ज़ीरो कार्बन कैंपस के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जैव विविधता संरक्षण, कागज एवं ई-वेस्ट के वैज्ञानिक पुनर्चक्रण, हर्बल गार्डन के व्यावसायिक उत्पादन को बढ़ावा देने तथा नवकल्पना सेक्शन-8 कंपनी के माध्यम से उद्यमिता एवं स्टार्टअप संस्कृति को प्रोत्साहित करने की योजनाएँ संचालित हैं। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय में आधारभूत संरचनाओं का विस्तार, लगभग 200 कंप्यूटरों से युक्त आधुनिक कंप्यूटर लैब की स्थापना, हॉबी क्लबों के माध्यम से सह-पाठ्यक्रम एवं अतिरिक्त पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा, छात्रावासों का सुदृढ़ीकरण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु विभिन्न सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग कार्यक्रमों का विस्तार, स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएच.डी. कार्यक्रमों में एनआरआई कोटा को प्रोत्साहन, उच्च स्तरीय हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग सुविधाओं की स्थापना, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में पीजी डिप्लोमा कार्यक्रम का संचालन, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान दोनों क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाले शोध जर्नलों के प्रकाशन तथा उद्योग-जगत के साथ सहयोग एवं सहभागिता को बढ़ावा देने जैसी अनेक योजनाएँ विश्वविद्यालय की भावी विकास रणनीति का हिस्सा हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन पहलों के माध्यम से विश्वविद्यालय न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करेगा, बल्कि नवाचार, अनुसंधान, उद्यमिता और कौशल विकास के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

एडमिशन सेल कमेटी के अध्यक्ष प्रो. अमित कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोध पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए उनकी उपयोगिता एवं शुल्क संरचना पर प्रकाश डाला। उन्होंने सीयूईटी एवं गैर-सीयूईटी आधारित प्रवेश कार्यक्रमों, सेल्फ फाइनेंस्ड तथा कौशल आधारित पाठ्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर नए अवसर उपलब्ध करा रहा है। साथ ही विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से समय पर आवेदन करने तथा विश्वविद्यालय की आधिकारिक प्रवेश प्रक्रिया का पालन करने का आग्रह किया।

बीबीएयू में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु विभिन्न स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया जारी है। विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित 55 सीयूईटी-पीजी आधारित तथा 10 गैर-सीयूईटी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए देशभर के विभिन्न राज्यों से अभ्यर्थियों द्वारा उत्साहपूर्वक आवेदन किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय को विद्यार्थियों और अभिभावकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हो रही है, जिससे प्रवेश प्रक्रिया में निरंतर रुचि एवं सहभागिता देखने को मिल रही है।

विश्वविद्यालय में प्रवेश हेतु कला, विज्ञान, प्रबंधन, शिक्षा, विधि, तकनीकी एवं अन्य विषयों से संबंधित अनेक स्नातकोत्तर कार्यक्रम उपलब्ध हैं। इनमें एम.ए., एम.एससी., इंटीग्रेटेड एम.एससी., एमबीए, एमसीए, एम.एड., एल.एल.एम., एम.टेक. सहित विभिन्न विभागों एवं संकायों द्वारा संचालित पाठ्यक्रम शामिल हैं। ये कार्यक्रम विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान के अवसर, व्यावहारिक कौशल तथा बदलती वैश्विक आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर करियर संभावनाएँ प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं।

CUET-PG आधारित पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आवेदन प्रक्रिया 14 मई 2026 से प्रारंभ होकर 7 जून 2026 तक जारी रहेगी। विलंब शुल्क (Late Fee) के साथ अभ्यर्थी https://bbaucuet.samarth.edu.in/pg/ पर 13 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इसी प्रकार Non-CUET पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 मई 2026 से प्रारंभ होकर 24 जून 2026 तक चलेगी। विलंब शुल्क के साथ अभ्यर्थी https://bbauadm.samarth.edu.in/2026/⁠
के माध्यम से 30 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी प्रवेश सूचना के अनुसार आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न वर्गों के लिए अलग-अलग आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है। सामान्य, ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को ₹ 500 आवेदन शुल्क जमा करना होगा, जबकि एससी, एसटी एवं दिव्यांगजन अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क ₹ 300 निर्धारित है। निर्धारित तिथि के पश्चात आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों से सभी श्रेणियों में ₹ 1000 विलंब शुल्क लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button