
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बुरहानपुर, मप्र : मध्य प्रदेश के निमाड़ क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। बुरहानपुर स्थित ऑल इज़ वेल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के पैथोलॉजी विभाग को नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेटरीज (NABL) से मान्यता मिली है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, निमाड़ और खानदेश क्षेत्र में यह मान्यता प्राप्त करने वाली पहली पैथोलॉजी प्रयोगशाला है।
यह मान्यता प्रयोगशाला की तकनीकी दक्षता, गुणवत्ता प्रबंधन और जांच प्रक्रियाओं की विश्वसनीयता को प्रमाणित करती है। इससे बुरहानपुर के साथ खंडवा, खरगोन, धारणी, मुक्ताईनगर, भुसावल और जलगांव सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को लाभ मिलेगा।
वर्ष 2019 में स्थापित अस्पताल का पैथोलॉजी विभाग करीब 200 किलोमीटर के दायरे में अपनी सेवाएं दे रहा है। अस्पताल के अनुसार, इसका नेटवर्क मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के लगभग 2,600 डॉक्टरों तथा 500 से 600 अस्पतालों और प्रयोगशालाओं से जुड़ा है।
प्रयोगशाला में हीमैटोलॉजी, साइटोलॉजी, हिस्टोपैथोलॉजी, इम्यूनोलॉजी, क्लिनिकल बायोकेमिस्ट्री, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स और मेडिकल माइक्रोबायोलॉजी सहित सात प्रमुख क्षेत्रों में जांच की सुविधा उपलब्ध है। इनमें कैंसर की पहचान, संक्रमण, डायबिटीज, किडनी और लिवर संबंधी बीमारियों की जांच शामिल है।

अस्पताल के मुख्य पैथोलॉजी विभाग की प्रतिदिन लगभग 15 हजार जांच करने की क्षमता है। इसके अतिरिक्त करीब 200 किलोमीटर के नेटवर्क में संचालित 10 सुपर क्लिनिक सेंटरों पर प्रतिदिन 9 से 10 हजार जांच की जाती हैं।
एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर देवांशी चौकसे ने कहा कि NABL मान्यता गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। अस्पताल भविष्य में प्रयोगशाला का विस्तार करते हुए अंतरराष्ट्रीय मानकों और कॉलेज ऑफ अमेरिकन पैथोलॉजिस्ट्स (CAP) की मान्यता हासिल करने की दिशा में भी प्रयास करेगा।
