मऊ में 5.31 करोड़ रुपये की तीन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, घाटों और रामलीला मैदान का होगा कायाकल्प

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / मऊ : नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ में 5.31 करोड़ रुपये की लागत से पूरी की गई तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें मड़ैया घाट एवं विसर्जन घाट का नवनिर्माण तथा रामलीला मैदान में इंटरलॉकिंग और सौंदर्यीकरण के कार्य शामिल हैं। इस अवसर पर उन्होंने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में मऊ में कराए गए विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया।

मंत्री ने कहा कि मऊ को विकास के नए मॉडल के रूप में स्थापित करना उनका संकल्प है। जनता के सहयोग और आशीर्वाद से क्षेत्र में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे अपने कार्यकाल में किए गए कार्यों का विवरण जनता के सामने रखें। इसी उद्देश्य से वह प्रत्येक वर्ष 26 जनवरी को भी वार्षिक कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत करते रहे हैं।

लोकार्पित परियोजनाओं में 260.27 लाख रुपये की लागत से मड़ैया घाट का नवनिर्माण, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत 247.42 लाख रुपये से विसर्जन घाट का निर्माण तथा 23.81 लाख रुपये से रामलीला मैदान में इंटरलॉकिंग एवं सौंदर्यीकरण का कार्य शामिल है।

मंत्री ने मऊ महादेव घाट को जनपद की सामूहिक विरासत बताते हुए कहा कि लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से जनसहयोग एवं सीएसआर के माध्यम से इसका विकास कराया गया है। उन्होंने कहा कि शहर की पहचान केवल आधारभूत ढांचे से नहीं, बल्कि उसकी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से भी बनती है।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी हुआ। अलका पहाड़िया की टीम ने छठ गीतों एवं अन्य प्रस्तुतियों से समां बांधा। मथुरा से आए कलाकारों ने राधा-कृष्ण नृत्य और फूलों की होली प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का संचालन विनीता जौहरी ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button