
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाल दिवस एवं लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (रजि.) द्वारा संचालित सेवा प्रकल्प ‘बृज की रसोई’ की ओर से रविवार, 15 नवंबर 2026 को आशियाना में निःशुल्क पौष्टिक भोजन वितरण अभियान आयोजित किया गया। अपराह्न दो बजे से शुरू हुए इस सेवा अभियान के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों, श्रमिकों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को भोजन उपलब्ध कराया गया।

संस्था के प्रेरणास्रोत परम पूज्य बाबा नीम करौली जी महाराज की कृपा से संचालित इस अभियान का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सेवा और सहयोग की भावना पहुंचाना रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने भोजन प्राप्त किया।
संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने कहा कि बाल दिवस बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, उनके अधिकारों और खुशियों के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। वहीं छठ पर्व आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। इन दोनों विशेष अवसरों पर जरूरतमंदों के साथ खुशियां साझा करना और किसी भूखे को भोजन कराना ही सच्ची सामाजिक संवेदनशीलता है।

उन्होंने कहा कि संस्था का संकल्प है कि शहर में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। इसी उद्देश्य से ‘बृज की रसोई’ प्रत्येक रविवार को निःशुल्क भोजन वितरण अभियान संचालित कर रही है। संस्था समाज के जागरूक नागरिकों और सेवाभावी लोगों से इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील करती है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई जा सके।

भोजन वितरण अभियान के सफल संचालन में जालिम सिंह, विजयपाल सिंह, आरुष श्रीवास्तव, नवलेश सिंह, अनुराग दुबे, लक्ष्य श्रीवास्तव, अनिल शुक्ला, बलवंत सिंह, सत्यम वर्मा, अखिलेश सिंह, उमाशंकर यादव एवं आकाश सिंह सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।