बीबीएयू में ‘योग महोत्सव–2026’ का शुभारंभ, एक माह तक चलेंगे विविध योग एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में शुक्रवार 22 मई को योग विभाग एवं योग वेलनेस सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में ‘योग महोत्सव–2026′ का शुभारंभ किया गया। विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित यह योग महोत्सव ’12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026’ के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है,‌ जो एक माह अर्थात 21 जून 2026 तक आयोजित किया जायेगा।

योग महोत्सव–2026” के अंतर्गत 22 मई से 21 जून 2026 तक विश्वविद्यालय परिसर में प्रतिदिन प्रातः कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही ध्यान सत्र, योग चिकित्सा कार्यशालाएं, मानसिक स्वास्थ्य एवं जीवनशैली विकारों पर विशेष व्याख्यान, योग क्विज प्रतियोगिता, 108 सूर्य नमस्कार कार्यक्रम, योग रैली एवं जन-जागरूकता अभियान, तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हेतु विशेष अभ्यास सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष योग विभाग द्वारा बच्चों के लिए ‘वन-मंथ योग समर कैंप’ भी प्रारंभ किया जा रहा है, जिसमें योग के माध्यम से व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं मानसिक संतुलन पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

योग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ० दिपेश्वर सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक, भावनात्मक एवं आध्यात्मिक संतुलन का आधार है। योग महोत्सव–2026 का उद्देश्य युवाओं एवं समाज में योग के प्रति सकारात्मक जागरूकता विकसित करना तथा ‘योग फॉर सेल्फ, सोसाइटी एंड नेशन’ की भावना को जन-जन तक पहुँचाना है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, तनाव एवं जीवनशैली संबंधी विकारों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा समाज में मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है। विश्वविद्यालय परिवार ने सभी इच्छुक प्रतिभागियों से इस महोत्सव में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आग्रह किया है।

Related Articles

Back to top button