
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : विश्व पर्यावरण दिवस प्रतिवर्ष 5 जून को मनाया जाता है। इसी क्रम में भारतीय रेल एवं पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा भी विभिन्न पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वर्ष 2026 के विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “जलवायु परिवर्तन — धरती माँ की चुनौतियाँ” (Climate Change – Focusing on the Challenges Posed by Mother Earth) निर्धारित की गई है।
इस अवसर पर भारतीय रेल के निर्देशानुसार पश्चिम मध्य रेलवे के तीनों मंडलों जबलपुर, भोपाल एवं कोटा में 15 मई से 5 जून 2026 तक पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता से संबंधित विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत स्वच्छ स्टेशन, प्लास्टिक प्रदूषण में कमी, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने हेतु विशेष कार्यक्रम संचालित किए गए।
इसी क्रम में पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस के समापन अवसर पर 5 जून 2026 को पर्यावरण संरक्षण शपथ समारोह तथा रेल सौरभ कॉलोनी में बृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण की शपथ
मुख्यालय में आयोजित शपथ समारोह में पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। शपथ में यह संकल्प लिया गया कि दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण के लिए हर संभव सकारात्मक बदलाव अपनाए जाएंगे तथा परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी पर्यावरण-अनुकूल आदतों और व्यवहारों के प्रति निरंतर प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक प्रमोद कुमार खत्री, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिकी इंजीनियर एम. विजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मुख्यालय के सभी विभागों में अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों को भी पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
रेल सौरभ कॉलोनी में बृहद पौधारोपण
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह, पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती ऋचा सिंह एवं अपर महाप्रबंधक प्रमोद कुमार खत्री ने रेल सौरभ कॉलोनी में पौधारोपण कर हरित पर्यावरण का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य दूरसंचार एवं संकेत इंजीनियर एकनाथ मोहकर, प्रमुख मुख्य इंजीनियर आशुतोष, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी मनोज गुरमुखी, प्रमुख मुख्य यांत्रिकी इंजीनियर एम. विजय कुमार, प्रधान वित्त सलाहकार सुश्री मनजीत कौर, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार मंडल, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एस.डी. पाटीदार, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मुकेश, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक मनोज कुमार गुप्ता, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त राजीव कुमार यादव, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण)/आरएसपी प्रभात, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एम.एस. हाशमी तथा जबलपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारियों एवं रेल कर्मचारियों ने भी पौधारोपण किया।
पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की सचिव सहित अन्य सदस्याओं ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
हरित भविष्य के निर्माण हेतु निरंतर प्रयास
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम “जलवायु परिवर्तन — धरती माँ की चुनौतियाँ” को केंद्र में रखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए अनेक पहलें की जा रही हैं। भारतीय रेल देश के सबसे ऊर्जा-कुशल एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन साधनों में से एक है तथा पश्चिम मध्य रेलवे सौर ऊर्जा के उपयोग, ऊर्जा संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण में कमी तथा व्यापक वृक्षारोपण जैसे प्रयासों के माध्यम से हरित भविष्य के निर्माण हेतु निरंतर कार्य कर रहा है।

विश्व पर्यावरण दिवस विशेष अभियान के अंतर्गत आयोजित शपथ समारोह, पौधारोपण, स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पश्चिम मध्य रेलवे ने यह संदेश दिया कि—
“पर्यावरण संरक्षण केवल हमारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा कर्तव्य भी है।”
साथ ही “एक पौधा, एक संकल्प — हरित भविष्य की ओर एक मजबूत कदम” का संदेश देते हुए सभी को जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने हेतु सामूहिक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया।