
सूर्योदय भारत समाचार सेवा लखनऊ / वाराणसी : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ के अंतर्गत स्टेशनों को पूरी तरह कचरा मुक्त और सुंदर बनाने के लिए एक व्यापक जनसंवाद अभियान चलाया गया। यह जन-जागरूकता अभियान मंडल के प्रमुख स्टेशनों— अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट, लखनऊ, वाराणसी जंक्शन, अमेठी, बाराबंकी एवं आलमनगर पर मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों के सीधे नेतृत्व में पूरी मुस्तैदी से आयोजित किया गया।
अभियान के तहत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों के अनुक्रम में यात्रियों, फूड वेंडरों और सफाई स्टाफ को चार रंगों वाले डस्टबिन के सही उपयोग का पाठ पढ़ाया गया। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों ने लोगों को कचरे का ‘स्रोत पर ही पृथक्करण’ करने तथा गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग निर्धारित डस्टबिन में ही डालने के विधिक नियमों से अवगत कराया। रेल प्रशासन ने सभी उपयोगकर्ताओं से रेल परिसरों में गंदगी न फैलाने और स्टेशनों को स्वच्छ व कचरा मुक्त बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की पुरज़ोर अपील की है।