
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में दिनांक 9 मार्च को स्पोर्ट्स इवेंट 2025–26 के समापन सत्र के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह समापन सत्र खेल अनुभाग की ओर से शुक्रवार 6 – 13 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के निर्देशन तथा खेल अनुभाग के निदेशक प्रो. के. एल. महावर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
खेल अनुभाग के सहायक निदेशक डॉ (लेफ्ट.) मनोज डडवाल से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार 9 मार्च को विश्वविद्यालय में ट्रैक एंड फील्ड प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर रिले, शॉट पुट तथा डिस्कस थ्रो जैसी विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाओं के प्रारंभिक चरण संपन्न हुए। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त बैडमिंटन और टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों के बीच रोचक मुकाबले देखने को मिले।
उन्होंने बताया कि इन सभी खेलों के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले आगामी दिनों में आयोजित किए जाएंगे। सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 13 मार्च को आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा। डॉ. डडवाल ने बताया कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक तथा सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए किया जाता है, जिससे उनमें अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की सकारात्मक भावना का विकास होता है।
