
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, ग्रेटर नोएडा/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2026) में सहभागिता की। इस दौरान नगर विकास विभाग द्वारा आयोजित ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन’ विषयक सेमिनार को संबोधित करते हुए उन्होंने शहरों को प्रदूषण मुक्त व स्वस्थ बनाने के लिए कचरे के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित निस्तारण पर विशेष बल दिया।
मंत्री शर्मा ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन आज एक बड़ी व्यापारिक संभावना (बिजनेस अपॉर्चुनिटी) बन चुका है। सीबीजी (CBG), वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोफ्यूल और रीसाइक्लिंग तकनीकों के माध्यम से कचरे का बेहतर उपयोग कर नए उद्योगों और रोजगार के अवसर पैदा किए जा रहे हैं, जिससे शहरों की क्वालिटी ऑफ लाइफ सुधर रही है। उन्होंने लखनऊ के शिवरी स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट की सफलता का भी उदाहरण दिया।

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश के शहरों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर व राज्य नेतृत्व के मार्गदर्शन और सफ़ाई मित्रों के परिश्रम का परिणाम बताया। कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर विकास विभाग के सचिव/निदेशक अनुज कुमार झा ने मंत्री का स्वागत किया। इस तकनीकी सत्र में विशेष अतिथि वी.के. चौरसिया सहित देश-विदेश से आए अनेक विषय विशेषज्ञ और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।