पूर्वाेत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने ऐशबाग जंक्शन एवं डालीगंज रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : रेल यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं सुविधाओं के समग्र उन्नयन हेतु पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल निरंतर प्रयासरत है। इसी परिप्रेक्ष्य में सोमवार पूर्वाेत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल, अपर मण्डल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक/आरएसपी राघवेंद्र कुमार तथा संबंधित शाखा अधिकारियों की उपस्थिति में ऐशबाग जंक्शन एवं डालीगंज रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के आरंभ में महाप्रबंधक महोदय ने ऐशबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 01 पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए गए कार्य एवं लेआउट प्लान का अवलोकन किया तथा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं विभिन्न विकास परियोजनाओं की कार्य प्रगति को देखा।

इसके उपरांत महाप्रबंधक ने सर्कुलेटिंग एरिया, बुकिंग कार्यालय, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, अनारक्षित टिकट खिड़की, प्लेटफॉर्म एवं प्लेटफॉर्म लाइटिंग, फसाड लाइटिंग, खानपान स्टॉल, फुट ओवर ब्रिज तथा द्वितीय प्रवेश द्वार की ओर सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन भवन, वाहन पार्किंग एवं अन्य कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वच्छता, पेयजल, प्रतीक्षालय एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने तथा परिचालनिक संरक्षा को और सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया।

तदुपरान्त डालीगंज रेलवे स्टेशन पहुॅचने पर महाप्रबंधक ने मुख्य प्रवेश द्वार, सरकुलेटिंग एरिया, स्टेशन भवन, प्लेटफार्म सरफेस, 12 मीटर चौड़ा पैदल उपरिगामी पुल (एफ.ओ.बी), पार्किंग तथा स्टेशन पर यात्री प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया। इससे पूर्व महाप्रबंधक द्वारा डालीगंज जं0 स्टेशन पर कर्मचारी कल्याण निधि द्वारा स्वीकृत लखनऊ मण्डल में कार्यरत 08 दिव्यांग रेल कर्मचारियों देविन्द्र कुमार/अवर लिपिक/मंरेप्र का0/ल.जं., मुन्ना यादव/सहायक समाडि/बढ़नी, श्रीमती मधु पांडे/मुकार्याधी/विद्युत/ओपी, रामहरि विश्वकर्मा, सुश्री अफसा नसीम/वेटिंग रुम विययर/लखनऊ, संजय कुमार वर्मा/व.अ.अ.(लेखा)/लखनऊ जं., मनोज कुमार/हाउस कीपिंग सहायक/नानपारा तथा अजय कुमार सिंह/प्र.लिपिक/शोहरतगढ़ को प्राथमिकता के आधार पर कस्टमाइज्ड वाहन (स्कूटी) वितरित किया गया।


इस अवसर पर महाप्रबन्धक महोदय ने कहा कि मण्डल द्वारा दिव्यांग रेल कर्मचारियों को स्कूटी वितरित किये जाने से उनको यातायात सुगम होने व घरेलू कार्य संचालन में सुविधा प्राप्त होगी। इस दौरान उन्होंने लखनऊ मण्डल के यूनियन तथा एसोसिएशन के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की और उनके द्वारा दिए गए सुझावों को सुना।

निरीक्षण के अंत में महाप्रबंधक ने कहा कि लखनऊ मण्डल के स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव मिले।

इस अवसर पर वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर/समन्वय, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मण्डल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर, वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक/सा0, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर/।।।, वरिष्ठ मण्डल विद्युत इंजीनियर/सामान्य, वरिष्ठ मण्डल विद्युत इंजीनियर/परिचालन, वरिष्ठ मण्डल यांत्रिक इंजीनियर/समन्वय, वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त, रोड सेफ्टी प्रोजेक्ट के अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button