लखनऊ मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का आगाज – डीआरएम ने दिलाई अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल कार्यालय में गुरुवार 17 सितंबर 2026 को ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ने उपस्थित सभी रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता बनाए रखने की सामूहिक शपथ दिलाई। डीआरएम ने सभी से आह्वान किया कि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि यह हमारी दैनिक कार्यसंस्कृति का हिस्सा बने। सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ रेलवे परिसर का निर्माण संभव है।

इस एक महीने के अभियान के दौरान लखनऊ मंडल में कई जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत स्कूलों में ‘स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता’ कार्यक्रम, कला, वाद-विवाद व स्लोगन प्रतियोगिताएं और प्रमुख स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के दौरान ट्रेनों के कोच, पैंट्री कार और शौचालयों की स्वच्छता के विशेष निरीक्षण पर जोर दिया जाएगा। साथ ही, स्टेशनों को प्लास्टिक मुक्त बनाने, सिंगल यूज प्लास्टिक को रोकने और गीले-सूखे कचरे के अलग निस्तारण के प्रति यात्रियों को जागरूक किया जाएगा। रेलवे का मुख्य उद्देश्य इस अभियान के जरिए पर्यावरण अनुकूल और सुंदर परिसर का निर्माण करना है।

Related Articles

Back to top button