अपना दल (एस) के 8वें ऑनलाइन सत्र में पेश किया 100 दिनों का रोडमैप, 19 जुलाई को भोपाल में होगी बैठक

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, भोपाल : अपना दल (एस) मध्य प्रदेश द्वारा मंगलवार संगठन विस्तार एवं सदस्यता अभियान को गति देने के लिए एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में आगामी रणनीतियों पर चर्चा करने के साथ-साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर बी सिंह पटेल उपस्थित रहे, जहाँ राजनीतिक रणनीतिकार डॉ अतुल मलिकराम ने एक प्रेजेंटेशन के माध्यम से आगामी 100 दिनों का रोडमैप साझा किया, वहीँ कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने की। बैठक के दौरान आगामी 19 जुलाई को भोपाल में एक विशेष बैठक आयोजित करने की घोषणा भी की गई, जिसमें सभी जिलाध्यक्षों को अपने अब तक के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी। इस वर्चुअल कार्यक्रम में प्रदेशभर के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि और राष्ट्रीय महासचिव आर बी सिंह पटेल ने कहा कि “किसी भी संगठन की रीढ़ उसका अनुशासन होती है। हमें पूर्ण अनुशासन के साथ जनता के बीच जाना है और अपनी नीतियों व नेता श्रीमती अनुप्रिया पटेल जी के कामों से अवगत कराते हुए संगठन को एक नई ऊंचाई पर ले जाना है।” कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल हुए राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने आगामी रणनीति का खुलासा करते हुए कहा कि “अगले 100 दिन मध्य प्रदेश में पार्टी की दिशा और दशा तय करेंगे। हमने एक बेहद सटीक और प्रभावी रोडमैप तैयार किया है, जिस पर चलकर हम ज़मीनी स्तर पर बड़ा बदलाव लाने में सक्षम हो सकते हैं।”

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने सभी को एकजुट करते हुए कहा कि “सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के सामूहिक सहयोग से ही संगठन को वास्तविक मजबूती मिलेगी और हम सब मिलकर मध्य प्रदेश के कोने-कोने में पार्टी का परचम लहराएंगे।” वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष एससी-एसटी मंच सत्य प्रकाश कुरील ने सामाजिक चेतना पर जोर देते हुए कहा कि, “पिछड़ा वर्ग और वंचित समाज का संघर्ष बेहद लंबा रहा है, इसलिए हमें अपने महापुरुषों के विचारों और संघर्षों से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक अपने अधिकारों की आवाज़ पहुँचानी है।” इसके साथ ही राष्ट्रीय सचिव सूर्यभान सिंह ने सदस्यता अभियान पर बल देते हुए कहा कि, “संगठन का विस्तार तभी संभव है जब हमारा हर कार्यकर्ता सक्रिय और सजग हो, अतः आगामी सदस्यता अभियान को हमें जन-आंदोलन का रूप देना होगा।”

इस दौरान वरिष्ठ नेता देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी संगठन विस्तार को लेकर अपने मूल मंत्र साझा किए। कार्यक्रम में प्रदेश भर के प्रमुख कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें राजेश्‍वर मिश्रा, एस आर नागले, मोहित गुप्ता, कैलाश गावंडे, सीता सरण सिंह, डीपी पटेल, आर के सनोडिया, रौशन पटेल और फिल्म अभिनेता गौरव प्रतीक आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे। संगठन को जिला स्तर पर मजबूती देने के लिए कई जिला अध्यक्ष भी इस बैठक में मुस्तैद दिखे, जिनमें सिंगरौली जिला अध्यक्ष त्रिलोकी सिंह, इंदौर जिला अध्यक्ष टीकम चंद शर्मा, मैहर जिला अध्यक्ष मनोज पटेल, भोपाल जिलाध्यक्ष सुरेंद्र नाहर, ग्वालियर जिला अध्यक्ष राहुल सिंह, बैतूल जिला अध्यक्ष डॉ. अनूप चौरे और छतरपुर जिला अध्यक्ष प्रदीप पटेल उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, आगामी 19 जुलाई को भोपाल में होने वाली बैठक बेहद महत्वपूर्ण होगी, जिसमें सभी जिला अध्यक्षों को अपनी कार्य रिपोर्ट के साथ अनिवार्य रूप से शामिल होना होगा। उम्मीद की जा रही है कि इस बैठक में पार्टी अपनी अन्य जिला व प्रदेश कमेटियों की घोषणा भी कर सकती है।

Related Articles

Back to top button