
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : प्रधानमंत्री द्वारा 17 जुलाई 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भारतीय रेल के 75 अमृत भारत स्टेशनों का एक साथ लोकार्पण किया जाएगा। इनमें पश्चिम मध्य रेलवे के छह पुनर्विकसित स्टेशन—जबलपुर मंडल का ब्योहारी, भोपाल मंडल के शिवपुरी, अशोकनगर, साँची एवं विदिशा, तथा कोटा मंडल का गंगापुर सिटी जंक्शन शामिल हैं।

लोकार्पण समारोह के उपलक्ष्य में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पश्चिम मध्य रेलवे के तीनों मंडलों द्वारा इन छह स्टेशनों पर विद्यालय स्तरीय चित्रकला, निबंध लेखन एवं कविता लेखन प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय रेल के आधुनिकीकरण, स्टेशन पुनर्विकास, स्वच्छता, विरासत संरक्षण तथा विकसित भारत के निर्माण से जोड़ते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था।

प्रतियोगिताओं में विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों के 2,000 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी स्टेशनों पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 100 से अधिक विद्यार्थियों को विजेता के रूप में चयनित किया गया।
स्टेशनवार प्रमुख गतिविधियाँ
ब्योहारी स्टेशन पर विद्यार्थियों ने चित्रकला, निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के माध्यम से रेलवे के विकास, स्वच्छ एवं सुरक्षित रेल परिसर तथा राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका जैसे विषयों पर प्रभावशाली अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।
शिवपुरी स्टेशन पर तीन विद्यालयों के विद्यार्थियों ने चित्रकला, निबंध एवं कविता लेखन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के साथ देशभक्ति आधारित नृत्य, रेलवे थीम पर नृत्य, सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं।
अशोकनगर स्टेशन पर तीन विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं के साथ सरस्वती वंदना तथा राजस्थानी, गुजराती एवं मालवा लोकनृत्य सहित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर आयोजन को यादगार बनाया।
साँची स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने चित्रकला, निबंध एवं कविता लेखन प्रतियोगिताओं के साथ आदियोग थीम पर नृत्य, गणेश वंदना एवं एकल नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं।
विदिशा स्टेशन पर तीन विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इस अवसर पर देशभक्ति गीतों पर नृत्य, मराठी लोकनृत्य, शिव तांडव एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
गंगापुर सिटी जंक्शन स्टेशन पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने “मेरे शहर का विकसित स्टेशन कैसा हो” तथा “विकसित भारत के निर्माण में मेरा योगदान” विषयों पर चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपने विचारों को रचनात्मक रूप से अभिव्यक्त किया।

इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी सृजनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला, साथ ही वे भारतीय रेल के विकास कार्यों एवं अमृत भारत स्टेशन योजना के उद्देश्यों से भी परिचित हुए। ऐसे आयोजन रेलवे के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।