योजनाओं की समीक्षा कर डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / कौशाम्बी : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कौशाम्बी स्थित मां शीतला अतिथि गृह, सयारा में जनपद के अधिकारियों के साथ बैठक कर विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने जनपद में टेक होम राशन (टीएचआर) प्लांट की स्थापना के लिए आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने को कहा। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने पर जोर दिया। कहा कि इससे महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

श्री मौर्य ने ग्राम चौपालों का नियमित एवं सुव्यवस्थित आयोजन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनें और उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें। उन्होंने विभिन्न योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने मां शीतला अतिथि गृह परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल, महाराजा बिजली पासी, महात्मा गौतम बुद्ध तथा चक्रवर्ती सम्राट अशोक की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button