दीपावली पर भी धरने पर डटे रहे 68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी, ईको गार्डन में जलाए दीप

अशोक यादव, लखनऊ : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति के विरोध में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने दीपावली का पर्व अपने परिवारों से दूर ईको गार्डन स्थित धरना स्थल पर मनाया। जहां पूरा प्रदेश दीपावली की खुशियां मना रहा था, वहीं न्याय और नियुक्ति की मांग को लेकर संघर्षरत अभ्यर्थियों ने दीप जलाकर और रंगोली बनाकर त्योहार मनाया। इस दौरान सैकड़ों अभ्यर्थी मौजूद रहे।

धरने का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी पिछले 69 दिनों से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। वे अपनी मांगों को लेकर कई बार प्रदेश सरकार के मंत्रियों और संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने अपने आदेश में ओबीसी अभ्यर्थियों को आरक्षित श्रेणी का लाभ देते हुए परिणाम संशोधित करने और नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की बात कही है, लेकिन अब तक न्याय नहीं मिला है।

सह-नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि विभागीय बैठकों में आरक्षण विसंगति की स्थिति स्पष्ट होने के बावजूद समाधान नहीं किया गया है। सरकार को जल्द निर्णय लेना चाहिए।

महिला अभ्यर्थी रंजना जायसवाल ने कहा कि महिला अभ्यर्थी भी परिवार से दूर धरने पर बैठने को मजबूर हैं। सरकार को इस मामले में अब तक न्याय दे देना चाहिए था।

धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने बताया कि दीपावली पर धरना स्थल में मूर्तियां, मोमबत्तियां, कैंडल और रंगोली की सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे सभी ने मिलकर त्योहार मनाया।

तूफान सिंह ने स्पष्ट किया कि आरक्षण विसंगति का समाधान और नियुक्ति मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस अवसर पर आरती पटेल, मनोज कुमार, सुनील कुमार, हरजीत, घनश्याम, अनुराग पाल, ओंकार विश्वकर्मा, नसीम, तारिक, अमित सहित सैकड़ों अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button