त्योहारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने चलाईं 27 विशेष ट्रेनें, मांग के अनुसार और ट्रेनें चलाने की तैयारी

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने रेल यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों की मांग और स्टेशनों पर भीड़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में 7 नवम्बर को दिल्ली क्षेत्र से कुल 27 विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया।

उत्तर रेलवे के अनुसार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से 17 विशेष ट्रेनें चलाई गईं। इनमें 13 पूर्व घोषित तथा चार अघोषित विशेष ट्रेनें शामिल रहीं। वहीं, आनंद विहार रेलवे स्टेशन से कुल 10 विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया, जिनमें आठ घोषित और दो अघोषित ट्रेनें थीं।

इससे पहले 6 नवम्बर को भी यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया था। उस दिन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से 15 तथा आनंद विहार रेलवे स्टेशन से आठ ‘ट्रेन ऑन डिमांड’ चलाई गई थीं।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या में होने वाली वृद्धि को देखते हुए यात्रा मांग का लगातार आकलन किया जा रहा है। इसके लिए चयनित मार्गों पर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त विशेष ट्रेनें चलाने की तैयारी की गई है।

उत्तर रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की वास्तविक मांग और स्टेशनों पर उपलब्ध परिस्थितियों के अनुसार ‘ट्रेन ऑन डिमांड’ की व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त ट्रेनें संचालित की जा सकेंगी।

रेलवे का उद्देश्य त्योहारी सीजन में यात्रियों को भीड़ से राहत दिलाना, सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना तथा प्रमुख स्टेशनों पर यात्री प्रबंधन को बेहतर बनाना है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को लगातार स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button