
अशोक यादव, लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जलभराव एवं जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जनेश्वर मिश्र पार्क, अंबेडकर मेमोरियल पार्क के अंडर ब्रिज, इंदिरा नगर के सी ब्लॉक, रहीम नगर एवं महानगर का सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री शर्मा ने बताया कि लखनऊ में पिछले 20 वर्षों की रिकॉर्ड बारिश के बावजूद, विगत वर्षों में किए गए ड्रेनेज सुधार कार्यों के कारण इस वर्ष फैजुल्लागंज, विधानसभा एवं सिविल हॉस्पिटल जैसे क्षेत्रों में गंभीर जलभराव की स्थिति नहीं बनी। इंदिरा नगर के सी ब्लॉक में नवनिर्मित नाले से जलभराव न होने पर स्थानीय निवासियों ने मंत्री जी का आभार व्यक्त किया।

मंत्री ने नगर आयुक्त गौरव कुमार को निर्देशित किया कि राजधानी के सभी निचले इलाकों व अंडरपासों को चिन्हित कर जल निकासी व्यवस्था के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में तत्काल पंपिंग व सफाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।