बीबीएयू में 11वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों का रिहर्सल आयोजित, कुलपति प्रो. मित्तल ने किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), द्वारा 11वें दीक्षांत समारोह-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गुरुवार 27 अगस्त 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में दीक्षांत समारोह की रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इस दौरान उन्होंने दीक्षांत समारोह से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया तथा कार्यक्रम को सफल एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रिहर्सल के दौरान दीक्षांत समारोह में अपनाई जाने वाली विभिन्न प्रक्रियाओं एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत अभ्यास कराया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।    

विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह शनिवार 29 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। दीक्षांत समारोह को गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह दीक्षांत समारोह विशेष रूप से वर्ष 2023, 2024, 2025 एवं 2026 के उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है।

रिहर्सल के दौरान कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल, कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह एवं सीओई प्रो. विक्रम सिंह यादव ने दीक्षांत समारोह से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के प्रवेश एवं निकास, बैठने की व्यवस्था, मंचीय कार्यक्रम, उपाधि एवं पदक वितरण की प्रक्रिया, अनुशासन, प्रोटोकॉल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान समारोह की विभिन्न प्रक्रियाओं का क्रमवार अभ्यास भी कराया गया, जिससे मुख्य समारोह के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

रिहर्सल में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों को निर्धारित स्थान पर बैठने, अनुशासित रूप से मंच तक पहुंचने, उपाधि एवं पदक प्राप्त करने तथा निर्धारित दिशा से वापस अपने स्थान पर आने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। साथ ही मंच संचालन एवं समारोह के विभिन्न चरणों के बीच समन्वय को भी परखा गया।

कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने रिहर्सल के दौरान समारोह की तैयारियों का व्यापक निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि दीक्षांत समारोह में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों, अतिथियों एवं अन्य प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल एवं समय-सीमा के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।

दीक्षांत समारोह के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं अन्य सम्मान प्रदान कर उनकी उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा समारोह की गरिमा एवं भव्यता को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आज आयोजित रिहर्सल के माध्यम से कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं प्रक्रियाओं को अंतिम रूप देते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि मुख्य समारोह के दौरान प्रत्येक व्यवस्था समन्वित, अनुशासित एवं सुचारू रूप से संचालित हो।

विश्वविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य है कि बीबीएयू का 11वां दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का गौरवपूर्ण उत्सव बनने के साथ-साथ विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन एवं गरिमा को भी प्रदर्शित करे।

Related Articles

Back to top button