
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : अवनीका फिल्म्स के बैनर तले बनी आगामी बडी-कॉमेडी फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ से बतौर निर्माता अपनी नई पारी की शुरुआत कर रहे गौरव वर्मा ने फिल्म के सात गानों वाले एल्बम की खास वजह साझा की है । यह फिल्म छोटे शहर से बड़े शहर में पढ़ाई और आजाद जिंदगी की तलाश में आने वाले युवाओं की कहानी पर आधारित है।
निर्माता गौरव वर्मा ने बताया कि फिल्म में सात गानों का होना एक सोच-समझकर लिया गया फैसला है, क्योंकि संगीत युवाओं की जिंदगी और उनकी यादों का सबसे अहम हिस्सा होता है। यही कारण था कि फिल्म की स्क्रिप्ट के साथ ही इसके संगीत पर भी काम शुरू कर दिया गया था। गौरव के अनुसार, फिल्म के गाने सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं हैं, बल्कि ये कहानी को आगे बढ़ाने और किरदारों की भावनाओं को व्यक्त करने में मदद करेंगे। यह संगीत फिल्म के नए कलाकारों को दर्शकों के बीच पहचान दिलाने का माध्यम भी बनेगा।
अपूर्व सिंह कार्की के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अपारशक्ति खुराना, वीर पहाड़िया, आफिया सैयद, राकेश बेदी और निखिल विजय मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।