बीबीएयू में रिक्त सीटों पर प्रवेश का अवसर, 14 से 17 सितम्बर तक होगा पंजीकरण

अशोक यादव, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ ने स्नातकोत्तर एवं विभिन्न पाठ्यक्रमों में स्पॉट काउंसलिंग के बाद रिक्त रह गई सीटों पर प्रवेश के लिए महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विभागाध्यक्षों, कोर्स कोऑर्डिनेटरों, निदेशकों तथा अमेठी स्थित सैटेलाइट सेंटर को मेरिट के आधार पर रिक्त सीटें भरने के निर्देश दिए हैं।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी एनेक्सचर-ए में विभिन्न पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों का विवरण दिया गया है। सीटों में परिवर्तन की संभावना भी रखी गई है। उपलब्ध विवरण के अनुसार एम.एससी. इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में 12 सीटें, एम.एससी. साइबर सिक्योरिटी में 4 सीटें, एम.टेक. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में 7 सीटें तथा एम.एससी. इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (पेड सीट) में 6 सीटें रिक्त हैं। इसी प्रकार एम.ए. संस्कृत में 29 सीटें, एमसीए में 2 सीटें, एम.टेक. में 15 सीटें, एमसीए पेड सीट में 4 सीटें तथा एम.ए. समाजशास्त्र में 5 सीटें रिक्त दर्शाई गई हैं।

सूची में कुछ अन्य पाठ्यक्रमों में भी बड़ी संख्या में सीटें रिक्त हैं। इनमें एमबीए के एक कार्यक्रम में 49 सीटें, एमबीए के अन्य कार्यक्रमों में 25 और 30 सीटें, जबकि कई विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान पाठ्यक्रमों में भी उल्लेखनीय संख्या में सीटें उपलब्ध हैं। अन्य पाठ्यक्रमों में 38, 54, 69 और 90 सीटों तक रिक्त होने का विवरण भी एनेक्सचर में दिया गया है।

प्रवेश के लिए दो श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। श्रेणी-1 में वे अभ्यर्थी शामिल होंगे जिन्होंने सीयूईटी दिया है और विश्वविद्यालय प्रवेश विवरणिका 2026-27 की पात्रता पूरी करते हैं। श्रेणी-2 में नॉन-सीयूईटी अभ्यर्थी अथवा निर्धारित डोमेन पात्रता पूरी न करने वाले अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। इस श्रेणी में प्रवेश अर्हक परीक्षा के अंकों के आधार पर दिया जा सकता है।

पंजीकरण 14 सितम्बर 2026 से शुरू होकर 17 सितम्बर 2026 तक चलेगा। यूआर/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए पंजीकरण शुल्क 500 रुपये, जबकि एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले एनेक्सचर-ए में अपने पाठ्यक्रम एवं श्रेणी की रिक्त सीटों का विवरण अवश्य देखने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button