
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर गुरुवार ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करते हुए उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और यात्रियों को स्वच्छता की सामूहिक शपथ दिलाई। इस विशेष अवसर पर दिल्ली के मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमण त्रिपाठी सहित उत्तर रेलवे के तमाम वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण के उपरांत महाप्रबंधक एवं अन्य अधिकारियों ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट की ओर स्वयं झाड़ू थामकर श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया। स्टेशन परिसर में यात्रियों को जागरूक करने के लिए एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया, जिसने सभी का ध्यान खींचा।

इस मौके पर रेल प्रशासन ने कहा कि यदि यात्रियों में स्वच्छता के संस्कार विकसित किए जाएं, तो स्वच्छ भारत के लक्ष्य को तेजी से हासिल किया जा सकता है। यह अभियान यात्रियों को जिम्मेदार नागरिक बनाने की एक महत्वपूर्ण पहल है। रेलवे ने सभी रेल यात्रियों से इस स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने और देश को स्वच्छ व स्वस्थ बनाने में अपना अमूल्य योगदान देने की अपील की है।