
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के ऐशबाग कोचिंग डिपो/समाडि ने यात्री सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और कार्यस्थल प्रबंधन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। डिपो ने अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली और उच्चस्तरीय मानकों का प्रदर्शन करते हुए एक साथ चार प्रतिष्ठित आई.एस.ओ.( इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन फॉर स्टैंडर्डाइजेशन) सर्टिफिकेट और 5S सर्टिफिकेट हासिल किया है।
यह गौरवपूर्ण सम्मान पूर्वाेत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर तथा मण्डल रेल प्रबन्धक गौरव अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित विशेष समारोह के दौरान डिपो की टीम को सौंपा गया। महाप्रबंधक ने ऐशबाग कोचिंग डिपो/समाडि की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे मंडल के लिए प्रेरणास्रोत है।
ट्रेनों के रखरखाव में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ऐशबाग कोचिंग डिपो/समाडि को आई.एस.ओ. 9001 प्रदान किया गया।
परिसर में कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल कार्य के लिए आई.एस.ओ. 14001 प्राप्त हुआ। डिपों में कार्य करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और दुर्घटना-मुक्त माहौल सुनिश्चित करने पर आई.एस.ओ. 45001 तथा बिजली की खपत नियंत्रित कर ऊर्जा संरक्षण के बेहतरीन उपायों हेतु आई.एस.ओ. 50001 प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
इसके साथ ही, कार्यस्थल को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और अनुशासित रखने की जापानी तकनीक को पूरी तरह लागू करने के लिए डिपो को 5S सर्टिफिकेट से भी सम्मानित किया गया। इस प्रकार के सभी सर्टिफिकेट प्राप्त करने वाला ऐशबाग कोचिंग डिपो/समाडि भारतीय रेल में पहला डिपो बना है। यह उपलब्धि ऐशबाग डिपो/समाडि की टीम की मेहनत, अनुशासन और गुणवत्ता के प्रति समर्पण का परिणाम है।