पूर्वोत्तर रेलवे – इज्जतनगर मंडल में माह जुलाई – 2026 में सेवानिवृत्त हुए 14 कर्मचारियों का विदाई समारोह आयोजित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में माह जुलाई, 2026 में सेवानिवृत्त हुए 14 कर्मचारियों के विदाई समारोह मंडल सभा कक्ष में आयोजित किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समापक राशि भुगतान परिपत्र, मेडिकल कार्ड तथा सेवानिवृत्ति से संबंधित अन्य दस्तावेज प्रदान कर उनके स्वस्थ, सुखमय एवं समृद्ध जीवन की कामना की।

अपने संबोधन में अपर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों से अपने स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, जीवनभर की अर्जित पूंजी का विवेकपूर्ण निवेश करने तथा अपने अनुभवों से समाज एवं परिवार का मार्गदर्शन करते रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रेल सेवा के दौरान उनकी निष्ठा, समर्पण एवं कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के रेलकर्मियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।

मंडल कार्मिक अधिकारी आनन्द कुमार ने बताया कि इस माह सेवानिवृत्त होने वाले विभिन्न विभागों के 14 कर्मचारियों को यथा इन्जीनियरिंग विभाग के ट्रैकमेन्टेनर, पीलीभीत नन्द किशोर; विद्युत विभाग के वरिष्ठ तक्नीशियन पावर, इज्जतनगर शमीम रजा खा व फतेहगढ़ से तक्नीशियन प्रथम जहाॅआरा वारसी; परिचालन विभाग के शटिंग मास्टर (द्वितीय), फर्रुखाबाद मोहम्मद अशलम; ट्रेन मैनेजर मेल, बरेली सिटी हर नन्दन गंगवार एवं कांटावाला, उत्तरीपुरा संकट हरन मिश्रा; सीटीएनएल, इज्जतनगर सुरेन्द्र सिंह; स्टेशन अधीक्षक, अरोल मकनपुर राम तीर्थ, सिगनल विभाग के रूद्रपुर सिटी वरिष्ठ तक्नीशियन मनोज कुमार सिंह; चिकित्सा विभाग के एच.ए., इज्जतनगर मनोज कुमार शुक्ला; एचकेए, मथुरा छवनी राम रतन एवं एचकेए, फर्रुखाबाद मोहन लाल; यान्त्रिक विभाग के वरिष्ठ तक्नीशियन (लोको शेड) अरविन्द कुमार सिन्हा व सीनियर सेक्शन इंजीनियर (सवारी एवं माल डिब्बा), रामनगर जवाहर सिंह रावत को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक के निर्देशानुसार इज्जतनगर मंडल में एक नई पहल प्रारंभ की गई है, जिसके अंतर्गत सेवानिवृत्ति से उत्पन्न रिक्तियों पर उसी दिन पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की जाती है। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाना तथा पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी बनाना है। इसी क्रम में इस माह भी विभिन्न विभागों के 08 कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ प्रदान किया गया।
समारोह में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग सहित सभी शाखा अधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियनों एवं एसोसिएशनों के पदाधिकारी, रेलकर्मी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button