
अशोक यादव, लखनऊ : यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मानक नगर रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास कार्य प्रगति पर है। लगभग ₹ 16.52 करोड़ की लागत से संचालित इस परियोजना के अप्रैल, 2027 तक पूर्ण होने की संभावना है।
परियोजना के अंतर्गत स्टेशन पर नए जी+1 स्टेशन भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे यात्रियों को अधिक विस्तृत एवं व्यवस्थित टिकटिंग, प्रतीक्षाlलय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही स्टेशन के परिसंचरण क्षेत्र (Circulating Area) का विकास तथा पार्किंग व्यवस्था का विस्तार भी किया जा रहा है, जिससे यात्रियों एवं उनके परिजनों को बेहतर सुविधा प्राप्त होगी।
यात्रियों के सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन के लिए स्टेशन पर 3 नई लिफ्ट स्थापित की जा रही हैं। स्टेशन पर लगभग 81 वर्गमीटर क्षेत्रफल का आधुनिक प्रतीक्षालय विकसित किया जा रहा है, जहां यात्रियों को आरामदायक वातावरण उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त पुरुष, महिला एवं दिव्यांगजन के लिए पृथक सुविधाओं सहित आधुनिक शौचालय ब्लॉक का निर्माण भी किया जा रहा है। यात्रियों को धूप, वर्षा एवं अन्य मौसम संबंधी असुविधाओं से राहत प्रदान करने के लिए लगभग 2,180 वर्गमीटर क्षेत्रफल में प्लेटफॉर्म शेड का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही लगभग 2,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में आधुनिक पार्किंग सुविधा विकसित की जा रही है, जिससे निजी वाहनों के आवागमन एवं पार्किंग में सुविधा होगी। दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को विशेष प्राथमिकता देते हुए स्टेशन पर सुलभ शौचालय, रैंप, लिफ्ट, टैक्टाइल गाइडेंस पाथ, व्हीलचेयर-अनुकूल प्रवेश, आरक्षित पार्किंग, कम ऊंचाई वाला टिकट काउंटर तथा सहायता कक्ष जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि सभी यात्रियों को समान एवं सहज यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।
परियोजना के अंतर्गत स्टेशन के Circulating Area का विकास, पे एंड यूज़ शौचालय का निर्माण, प्लेटफॉर्म संख्या-1 की लगभग 1,680 वर्गमीटर सतह का उन्नयन, प्लेटफॉर्म संख्या-1, 2 एवं 3 का सुधार, लगभग 150 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल/फेंसिंग, स्टेशन भवन के आकर्षक फेसाड का निर्माण, लैंडस्केपिंग तथा अन्य आवश्यक विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद स्टेशन की कार्यक्षमता, सुरक्षा, स्वच्छता एवं सौंदर्य में उल्लेखनीय सुधार होगा।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मानक नगर रेलवे स्टेशन का यह पुनर्विकास कार्य यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगमता को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने के उपरांत यात्रियों को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक वातावरण में यात्रा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह परियोजना न केवल वर्तमान आवश्यकताओं को पूरा करेगी, बल्कि भविष्य में बढ़ती यात्री संख्या की जरूरतों के अनुरूप स्टेशन को अधिक सक्षम एवं आधुनिक बनाएगी। उत्तर रेलवे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रेलवे स्टेशनों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।