
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, गाज़ियाबाद/नई दिल्ली : ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा की समस्या और अनाधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल द्वारा गाज़ियाबाद रेलवे स्टेशन पर एक विशेष ‘स्पेशल रेलवे मजिस्ट्रेट’ (SRM) टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। 25 सितंबर 2026 को आयोजित इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले कुल 187 मामले (मजिस्ट्रेट कोर्ट के 70 मामलों सहित) पकड़े गए। इन डिफ़ॉल्टरों से मौके पर ₹1,61,670 का रेलवे राजस्व जुर्माने के रूप में वसूला गया।
दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) पुष्पेश रमण त्रिपाठी ने वैध टिकट के साथ यात्रा करने के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिना टिकट यात्रा करने वाले लोग न केवल रेलवे के राजस्व को क्षति पहुँचाते हैं, बल्कि ईमानदार यात्रियों के अधिकारों का भी उल्लंघन करते हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर सफर करें और चेकिंग स्टाफ का सहयोग करें। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, स्टेशनों और ट्रेनों की शुचिता बनाए रखने के लिए दिल्ली मंडल में ऐसे औचक मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे [26-09-2026]।
