
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह ने विपक्षी INDIA गठबंधन के ‘हल्ला बोल’ आंदोलन के समर्थन में केंद्र की भाजपा सरकार और भारत निर्वाचन आयोग पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी एकजुटता और आंदोलन से घबराकर भाजपा अब “चोरी और सीना-जोरी” पर उतर आई है.
सुनील सिंह ने तीखा विधिक सवाल उठाते हुए कहा कि जब जनता चुनावी पारदर्शिता और मतदाता सूचियों से नाम हटाए जाने को लेकर निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाती है, तो आयोग के बदले भाजपा नेता क्यों सफाई देने लगते हैं? उन्होंने पूछा कि क्या चुनाव आयोग वही कर रहा है जो भाजपा चाहती है?
लोकदल अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्र व निष्पक्ष संवैधानिक संस्था को किसी राजनीतिक दल के बचाव की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे स्वयं जनता को पारदर्शी जवाब देना चाहिए. चौधरी सुनील सिंह ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे गंभीर विधिक संदेहों की नैतिक जिम्मेदारी तय करने की मांग की. उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा बहाल करने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अपने पद से तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए.
