
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने चार प्रमुख रेलवे स्टेशनों: नई दिल्ली (NDLS), हजरत निजामुद्दीन (NZM), दिल्ली जंक्शन (DLI) और आनंद विहार टर्मिनल (ANVT) पर डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू की है।
वाणिज्यिक पहल के तहत प्रदान की गई यह सुविधा यात्रियों को सामान के अस्थायी भंडारण (स्टोरेज) के लिए एक सुरक्षित, सुविधाजनक और परेशानी मुक्त विकल्प प्रदान करती है। इन लॉकरों में डिजिटल/ओटीपी (OTP) आधारित एक्सेस सिस्टम का उपयोग किया गया है, जिससे यात्री अपनी प्रतीक्षा अवधि या स्टेशन से बाहर भ्रमण के दौरान भारी सामान उठाए बिना अपना सामान सुरक्षित रूप से रख और वापस निकाल सकते हैं।
डिजिटल लॉकर का उपयोग कैसे करें:
सामान जमा करने के लिए (Drop-off):
प्रारंभ (Start) → मोबाइल नंबर दर्ज करें → OTP सत्यापित करें → लॉकर का आकार और समयावधि चुनें → डिजिटल भुगतान करें → सामान रखें और लॉकर बंद करें।
सामान वापस निकालने के लिए (Pick-up):
प्रारंभ (Start) → पंजीकृत मोबाइल नंबर दर्ज करें → OTP सत्यापित करें → “रिलीज़” (Release) पर क्लिक करें → सामान निकालें और लॉकर बंद करें।
भुगतान Google Pay, Paytm, PhonePe और अन्य उपलब्ध डिजिटल माध्यमों से किया जा सकता है।
डिजिटल लॉकर यात्रियों की सुविधा, पहुंच, सुरक्षा और उपलब्ध स्थान के इष्टतम उपयोग को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त स्थानों पर प्रदान किए जा रहे हैं।
नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल में डिजिटल लॉकर सुविधाओं की शुरुआत, आधुनिक, सुरक्षित, तकनीक-सक्षम और यात्री-अनुकूल सेवाएं प्रदान करने की दिशा में दिल्ली मंडल की एक और महत्वपूर्ण पहल है, जो रेल यात्रियों के समग्र यात्रा अनुभव को और बेहतर बनाती है।
यात्रियों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए चारों रेलवे स्टेशनों पर विभिन्न आकारों—मिनी (Mini), स्मॉल (Small), मीडियम (Medium), लार्ज (Large) और एक्स्ट्रा लार्ज (Extra Large)—के लॉकर उपलब्ध कराए गए हैं। यात्री अपने सामान के आकार के अनुसार लॉकर का चयन कर सकते हैं। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल लॉकर सुविधा चालू कर दी गई है और दिल्ली जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल में इसे जल्द ही शुरू किया जाएगा।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर, डिजिटल लगेज लॉकर सुविधा प्लेटफॉर्म नंबर 16 के पास, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के नीचे मेन हॉल में उपलब्ध है। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर, यह सुविधा मुख्य प्रवेश द्वार के पास, सीढ़ियों के बगल में स्थित है। दोनों स्टेशनों पर यात्रियों के लिए डिजिटल लॉकर सुविधा 24 घंटे और सातों दिन (24/7) उपलब्ध रहेगी।


