
राहुल यादव, लखनऊ : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) जोनल यूनिट, लखनऊ तथा एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस (International Day Against Drug Abuse and Illicit Trafficking) के अवसर पर गुरुवार 25 जून 2026 को जनेश्वर मिश्र पार्क, गेट संख्या-6 से एक जागरूकता पदयात्रा रैली का आयोजन किया गया।इस रैली को आयोजित करवाने की जिम्मेदारी 19 यू पी गर्ल्स बटालियन एन सी सी के कर्नल (डॉ) दिनेश कुमार पाठक को एनसीसी ग्रुप मुख्यालय द्वारा दी गई, जिसे यूनिट के सूबेदार मेजर किशोर लाल ने अपने टीम के साथ विभिन्न एनसीसी यूनिटों से आए हुए कैडेटों को यथोचित दिशा निर्देश देते हुए रैली को संपन्न करवाया।

इस जागरूकता रैली में लगभग 200 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कैडेट्स ने हाथों में पोस्टर एवं बैनर लेकर आमजनता को नशे के दुष्प्रभावों तथा मादक पदार्थों की अवैध तस्करी (Illicit Trafficking) के विरुद्ध जागरूक किया। रैली के माध्यम से “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “स्वस्थ जीवन अपनाएं, नशे से दूर रहें” तथा “Say No to Drugs” जैसे संदेश दिए गए।
इस अवसर पर बताया गया कि आज मादक पदार्थों का अवैध कारोबार और तस्करी समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। नशे का जाल धीरे-धीरे स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों तक फैलता जा रहा है, जिससे विशेष रूप से युवा वर्ग इसकी गिरफ्त में आ रहा है। नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि उसका विवेक, भविष्य, परिवार और सामाजिक जीवन भी बर्बाद कर देता है। साथ ही यह अपराध एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देता है।

कार्यक्रम के माध्यम से सभी नागरिकों से अपील की गई कि वे नशे और मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध जागरूक रहें, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना संबंधित एजेंसियों को दें तथा युवाओं को नशे से दूर रहकर आत्मानुशासन के साथ राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करें।
“नशामुक्त युवा – सशक्त भारत”
जय हिंद।

