बीबीएयू में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस संपन्न; विधायक राजेश्वर सिंह बोले – वरिष्ठों का अनुभव एवं युवा ऊर्जा बनाएगी सशक्त समाज

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के सामाजिक समावेशन अध्ययन केंद्र एवं सेकेंड इनिंग सीनियर सिटीजन्स क्लब के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर एक भव्य संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल उपस्थित रहे।

वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने बुजुर्गों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके विधिक अधिकारों और सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्र में सीएसआर (CSR) के तहत 70 स्कूलों में बनी डिजिटल लाइब्रेरी तथा ‘तारा शक्ति सिलाई केंद्र’ जैसी पहलों की जानकारी साझा की। उन्होंने युवाओं से बुजुर्गों के अकेलेपन को दूर करने और उनके अनुभवों से सीखने की अपील की। कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने भारतीय पारिवारिक मूल्यों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं का बुजुर्गों के साथ नियमित संवाद ही बाबासाहेब के समरसता आधारित समाज के सपने को साकार करेगा।

पत्रिका ‘सक्षम’ का विमोचन और छात्र हुए सम्मानित
समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा क्लब की विशेष पत्रिका ‘सक्षम’ का भव्य विमोचन किया गया। कार्यक्रम संयोजक व केंद्र निदेशक प्रो. जया श्रीवास्तव ने आधुनिक दौर में बुजुर्गों के बढ़ते एकाकीपन को एक बड़ी सामाजिक चुनौती बताया ! क्लब के संस्थापक अतुल दुबे ने स्वागत भाषण देते हुए संस्था की गतिविधियों को रेखांकित किया।

इस अवसर पर बुजुर्गों के साथ भावनात्मक जुड़ाव की अनूठी पहल करने वाले विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों—विदुषी सक्सेना, भूमिका, मोनिका चौधरी, अरुण सिंह, सलील पटेल, आदर्श कुमार तिवारी, नागेंद्र सिंह, शिवम पटेल, अश्वनी वर्मा एवं पवन बराइक को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मंच पर इंडियन बैंक के चीफ जनरल मैनेजर सुधीर गुप्ता, डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी, अपोलो अस्पताल के प्रो. अमित गुप्ता, सुश्री बबिता तथा बंधन बैंक के क्लस्टर हेड सौरभ सिन्हा सहित भारी संख्या में शोधार्थी और वरिष्ठ नागरिक मुस्तैदी से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button