पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक ने किया सिंगरौली के कोयला लोडिंग केंद्रों एवं रेलवे अधोसंरचना विकास का निरीक्षण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : जबलपुर मण्डल में गुरुवार 4 जून 2026 को पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने मालभाड़ा अवसंरचना के विकास, यात्री सुविधाओं के उन्नयन तथा परिचालन संरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सिंगरौली- कटनी साऊथ रेलखंड और सिंगरौली क्षेत्र का व्यापक एवं सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोयला परिवहन नेटवर्क से जुड़े प्रमुख लोडिंग केंद्रों, रेलवे स्टेशनों तथा प्रगति पर चल रही अधोसंरचना विकास परियोजनाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने सिंगरौली क्षेत्र के प्रमुख कोयला लोडिंग केंद्रों बरगवां, गोंदावली, मझौली, देवराग्राम, गजराबहरा एवं सरईग्राम गुड्स शेडों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रैक लोडिंग की वर्तमान क्षमता, उपलब्ध संसाधनों, लॉजिस्टिक चुनौतियों तथा परिचालन व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही चालू वित्तीय वर्ष के शेष अवधि के लिए कोयला लोडिंग बढ़ाने संबंधी कार्ययोजना पर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की, ताकि देश के विभिन्न ताप विद्युत संयंत्रों एवं उद्योगों को निर्बाध कोयला आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने ब्यौहारी एवं बरगवां स्टेशनों का दौरा कर ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण कार्यों की प्रगति का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए सभी यात्री सुविधाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बरगवां में महाप्रबंधक ने रनिंग रूम का निरीक्षण करते हुए उपस्थित रनिंग स्टाफ से संवाद किया। उन्होंने कर्मचारियों की सुविधाओं एवं कार्यस्थल पर उपलब्ध संसाधनों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

देवराग्राम में महाप्रबंधक की अध्यक्षता में टेहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण साइट बैठक आयोजित की गई। बैठक में देवराग्राम में विकसित किए जा रहे गति शक्ति कार्गो टर्मिनल को जुलाई 2026 तक परिचालन में लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके अतिरिक्त बिड़ला समूह माइंस एंड मिनरल रिसोर्सेज लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित गति शक्ति कार्गो टर्मिनल की स्थापना एवं प्रगति संबंधी विषयों पर भी कंपनी प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

महाप्रबंधक ने रेलवे अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेलवे बोर्ड की नीतियों एवं दिशानिर्देशों के अनुरूप दोनों गति शक्ति कार्गो टर्मिनलों के शीघ्र संचालन हेतु आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृतियों की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, जिससे माल ढुलाई क्षमता एवं रेलवे राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

छितैनी स्टेशन के समीप सीटीजे– वीएसटी ब्लॉक सेक्शन में स्थित रेलवे पुल संख्या 1177/3 के निकट हाथी मार्ग हेतु प्रस्तावित कट एवं कनेक्शन कार्यों का भी अवलोकन किया गया। महाप्रबंधक ने वन्यजीव संरक्षण एवं रेल संरक्षा के बीच संतुलन स्थापित करने के उद्देश्य से किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने ट्रैक संरक्षा, रेल पथ अनुरक्षण, सिग्नलिंग प्रणाली तथा अन्य संरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलवे परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यालय से प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक, प्रमुख मुख्य इंजीनियर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ( निर्माण) तथा जबलपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा एवं वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा संरक्षा, अधोसंरचना विकास, माल यातायात संवर्धन एवं बेहतर रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग की जा रही है।

Related Articles

Back to top button