
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन, लखनऊ द्वारा रेल कर्मचारियों के बच्चों के सर्वांगीण व रचनात्मक विकास के लिए एक शानदार पहल की गई है। संगठन के तत्वावधान में बादशाहनगर और ऐशबाग मनोरंजन केंद्र में ‘ऑन द स्पॉट निबंध एवं ड्राइंग प्रतियोगिता’ का सफल आयोजन संपन्न हुआ।
इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के कुल 39 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कलात्मक व लेखन क्षमता का प्रदर्शन किया । प्रतियोगिता के समापन पर पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन, लखनऊ की अध्यक्षा श्रीमती श्रुति गुप्ता ने सभी विजयी और प्रतिभागी बच्चों को आकर्षक उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अध्यक्षा श्रीमती गुप्ता ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसी रचनात्मक गतिविधियां बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को निखारने का बेहतरीन मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने घोषणा की कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले होनहार प्रतिभागियों को आगामी मुख्य कार्यक्रम में विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा। इस गरिमापूर्ण अवसर पर महिला कल्याण संगठन की सचिव श्रीमती स्मृति सचान सहित कई सदस्य और रेल परिवार उपस्थित रहे ।
