शिक्षक संगठनों को एकजुट करने की पहल तेज, 27 दिसंबर को प्रयागराज में होगी अगली बैठक

अशोक यादव, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के शिक्षकों के हितों की रक्षा और विभिन्न शिक्षक संगठनों को एकजुट करने के उद्देश्य से रविवार को राजधानी लखनऊ के आशियाना स्थित ग्रेविटी हॉल में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के प्रदेश अध्यक्ष सोहनलाल वर्मा ने की। इसमें प्रदेश के विभिन्न शिक्षक संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लेकर संगठनात्मक एकता पर विचार-विमर्श किया।

बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि प्रदेश के सभी शिक्षक संगठनों को एक साझा मंच पर लाकर शिक्षकों की समस्याओं और अधिकारों की लड़ाई सामूहिक रूप से लड़ी जाए। साथ ही वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों को संगठन का सदस्य एवं पदाधिकारी बनाने तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों को संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपकर उनके अनुभवों का लाभ लेने पर सहमति बनाने की दिशा में चर्चा हुई।

बैठक में वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रधान महासचिव जियारत हुसैन, माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) के प्रदेश महामंत्री लालमणि द्विवेदी, एकजुट के प्रदेश महामंत्री राजीव यादव तथा अरविंद सिंह पटेल सहित अनेक प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।

इस दौरान राजीव यादव ने वरिष्ठ शिक्षक नेताओं सुरेश त्रिपाठी और चेतनारायण सिंह से दूरभाष पर वार्ता की। दोनों नेताओं ने एकीकरण के प्रयासों पर सकारात्मक रुख जताते हुए अपनी-अपनी कार्यकारिणी से विचार-विमर्श के बाद अगली बैठक में निर्णय लेने का आश्वासन दिया।

27 दिसंबर को प्रयागराज में अगली बैठक

शिक्षक संगठनों के एकीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आगामी 27 दिसंबर 2026, रविवार को प्रयागराज में पुनः बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी।

बैठक में रामरतन पाण्डेय, मुन्नूलाल शास्त्री, रविन्द्र यादव, प्रमोद सिंह पटेल, विजय सरोज, डॉ. महेन्द्र राय, संदीप कुमार शुक्ल, पंकज कुमार सिंह, राकेश कुमार पाल तथा पूर्व एमएलसी दुष्यन्त त्यागी सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आयोजकों ने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य किसी संगठन का अस्तित्व समाप्त करना नहीं, बल्कि सभी संगठनों की सामूहिक शक्ति को एक मंच पर लाकर शिक्षकों की आवाज को प्रभावशाली बनाना है। उपरोक्त जानकारी प्रदेश प्रवक्ता श्रवण कुमार कुशवाहा द्वारा दी गयी है।

Related Articles

Back to top button