मंडियों की बदहाली पर निदेशक सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई और दो दिन में धान क्रय केंद्रों की तैयारी पूरी करने के निर्देश

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रदेश की मंडियों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने के लिए राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। परिषद के निदेशक जितेन्द्र प्रताप सिंह ने दो दिवसीय दौरे में मलिहाबाद, सण्डीला, हरदोई, शाहजहांपुर, तिलहर, लखीमपुर और सीतापुर सहित विभिन्न मंडियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कई स्थानों पर अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़कों, अभिलेखों, क्रय केंद्रों और निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। मलिहाबाद मंडी में निष्प्रयोज्य सामग्री, अतिक्रमण और आम सीजन के टेंट के अवशेष हटाने, लैंडस्केपिंग कराने तथा मंडी के बोर्ड को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

सण्डीला मंडी में खराब पानी की टंकी, हाईमास्ट लाइटों और क्षतिग्रस्त सड़कों पर नाराजगी जताई गई। निदेशक ने जिम्मेदारी तय करने, सड़कों की तत्काल पैच रिपेयरिंग कराने और क्रय केंद्रों के अभिलेख दुरुस्त करने को कहा। हरदोई मंडी में सीसी सड़क निर्माण के लिए स्वीकृत करीब एक करोड़ रुपये की धनराशि अन्य स्थानों पर खर्च किए जाने के मामले में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया।

मैंगलगंज मंडी में गंदगी, अवैध कब्जे और विद्युत शुल्क से जुड़े मामलों की जांच के निर्देश दिए गए। पांच नीलामी चबूतरों में से एक का शेड अब भी क्षतिग्रस्त मिलने पर जांच आख्या मांगी गई। वहीं, बरेली मंडी में प्रकाश व्यवस्था ठीक नहीं कराने पर उपनिदेशक (विद्युत एवं यांत्रिक) से संबंधित कार्यों का प्रभार वापस लेने के निर्देश दिए गए। शाहजहांपुर में बाउंड्री वॉल सुधारने तथा तिलहर में पार्क विकसित करने को कहा गया। सीतापुर मंडी में वेटिंग एरिया, अतिरिक्त शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।

धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निदेशक ने क्रय केंद्रों पर हैंडलिंग ठेकेदारों के चयन की प्रक्रिया दो दिन में पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छ मंडी–शुभ मंडी’ अभियान के तहत लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। किसानों और व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण पर भी जोर दिया गया।

Related Articles

Back to top button