
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली / लखनऊ : रविवार 31-05-2026, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार नई दिल्ली के मंगोलपुरी स्थित सैनी भवन में अखिल भारतीय शाक्य महासभा द्वारा आयोजित “बुद्ध जयंती एवं प्रतिभा सम्मान समारोह” में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस भव्य समारोह में समाज की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया और भगवान बुद्ध के विचारों व सिद्धांतों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय शाक्य महासभा के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर उनका भव्य स्वागत व अभिनंदन किया। उप मुख्यमंत्री ने समाज की होनहार प्रतिभाओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भगवान बुद्ध वैश्विक प्रेरणा और सम्राट अशोक हमारे गौरवशाली पूर्वज
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि तथागत भगवान बुद्ध का संदेश शाश्वत है। आज विश्व के लगभग 40 देशों में भगवान बुद्ध को पूजा जाता है और वहाँ के करोड़ों लोग उनके शांति और करुणा के मार्ग के अनुयायी हैं।

उन्होंने गर्व के साथ कहा कि : महान सम्राट अशोक हमारे पूर्वज थे, जिन्होंने तथागत भगवान बुद्ध के शांति और लोक-कल्याणकारी संदेशों का देश-दुनिया में व्यापक प्रचार-प्रसार किया। यह हमारे लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
रूस में बुद्ध अवशेष भेजने के लिए प्रधानमंत्री जी ने मुझे चुना
अपने संबोधन में भावुक होते हुए उप मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण संस्मरण साझा किया। उन्होंने कहा कि रूस में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को भेजने के ऐतिहासिक कार्य के लिए पूरे देश में से माननीय प्रधानमंत्री जी और माननीय गृह मंत्री जी ने आपके अपने नेता (मुझे) को चुना। यह पूरे समाज और उत्तर प्रदेश के लिए एक अभूतपूर्व सम्मान की बात है।
शिक्षा और विकास पर ज़ोर : “चाहें जो मजबूरी हो, शिक्षा बहुत जरूरी है”
केशव प्रसाद मौर्य ने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी का स्पष्ट सपना है कि “चाहें जो मजबूरी हो, शिक्षा बहुत जरूरी है।” शिक्षा ही समाज के सशक्तिकरण का एकमात्र सशक्त माध्यम है। उन्होंने समाज के लोगों से अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने का आह्वान किया।

उन्होंने आगे कहा कि केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार देश और समाज के हर वर्ग के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने समाज को आश्वस्त करते हुए कहा, “मैं समाज के विकास और आपकी हर समस्या के समाधान के लिए हमेशा उपलब्ध हूँ। मेरे द्वार समाज के हर व्यक्ति के लिए चौबीसों घंटे खुले हैं।
राजनीतिक संकल्प: 2027 और 2047 का रोडमैप
राजनीतिक परिदृश्य पर बात करते हुए उप मुख्यमंत्री ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि देश और प्रदेश की जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी के साथ है। वर्ष 2027 के आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा 2017 से भी बड़ी और ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। देश में विकास और राष्ट्रवाद की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी और वर्ष 2047 तक देश में भाजपा की सरकार मजबूती से कार्य करती रहेगी।
इस कार्यक्रम में समाज के कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें मुख्य रूप से शामिल रहे : रघुराज सिंह शाक्य पूर्व सांसद, ममतेश शाक्य पूर्व विधायक, केदार सिंह शाक्य प्रदेश अध्यक्ष, दिल्ली, जसवंत सिंह सिसौदिया (राजपुरा), धुराज सिंह चौहान (पूर्व सरपंच), रमेश चौहान, श्रीमती सीमा चौधरी, धर्मेन्द्र कुमार, भंवरलाल चौधरी, पारस सिंह, कैलाश सिंह चौहान रहे.