
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ के अंतर्गत स्टेशन परिसरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए व्यापक जनभागीदारी अभियान चलाया जा रहा है। यह विशेष अभियान मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के कुशल मार्गदर्शन में मिशन मोड में संचालित हो रहा है ।
सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती जीनत कमर अंसारी ने इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से सीधे विधिक संवाद स्थापित कर उनसे स्वच्छता संबंधी अमूल्य सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए। उन्होंने यात्रियों से सूखे एवं गीले कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण करने तथा कूड़े को निर्धारित डस्टबिन में ही डालने की पुरज़ोर अपील की।
अभियान के तहत ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग (ई.एन.एच.एम.) कर्मचारियों, पैंट्री स्टाफ और स्टेशन वेंडरों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का विधिक पाठ पढ़ाया जा रहा है। इसके साथ ही रेलवे आवासीय कॉलोनियों में भी रेलकर्मियों व उनके परिजनों को घरेलू कचरे के उचित निस्तारण के प्रति मुस्तैद किया जा रहा है ताकि एक स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण सुनिश्चित हो सके।

