पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल प्रशासन द्वारा सभी रेल यात्रियों से अपील : सुरक्षित एवं संरक्षित यात्रा को प्राथमिकता

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बरेली : यात्रियों की सुरक्षित एवं संरक्षित यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल प्रशासन द्वारा सभी रेल यात्रियों से अपील की जाती है कि वे किसी भी परिस्थिति में चलती ट्रेन के पायदान (फुटबोर्ड) पर बैठकर अथवा खड़े होकर यात्रा न करें। थोड़ी-सी असावधानी भी गंभीर एवं जानलेवा दुर्घटना का कारण बन सकती है। कुछ यात्री लापरवाही अथवा रोमांच के कारण ट्रेन के दरवाजे या पायदान पर यात्रा करते हैं। ऐसी स्थिति में अचानक झटका लगने, संतुलन बिगड़ने, विद्युत खंभों, पुलों से टकराने तथा ट्रेन से गिरने जैसी दुर्घटनाओं की आशंका अत्यधिक बढ़ जाती है। इन घटनाओं में गंभीर चोट, स्थायी विकलांगता अथवा जान-माल की अपूरणीय क्षति हो सकती है।

रेल प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया जाता है कि रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 156 के अंतर्गत चलती ट्रेन के पायदान पर यात्रा करना दंडनीय अपराध है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे सदैव कोच के अंदर सुरक्षित स्थान पर बैठकर अथवा खड़े होकर ही यात्रा करें तथा अपने साथ-साथ अपने परिवार एवं सहयात्रियों की सुरक्षा के प्रति भी सजग रहें। यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इज्जतनगर मंडल द्वारा विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए भी नियमित रूप से सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक हो सकें।
“सुरक्षित यात्रा ही सुखद यात्रा है।”

भारतीय रेलवे – आपकी सुरक्षा, हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button