जम्मू मंडल में लोको पायलटों के प्रशिक्षण के लिए अत्याधुनिक सिमुलेटर स्थापित होगा

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : सुरक्षित एवं कुशल रेल संचालन को प्राथमिकता देते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में लोको पायलटों के प्रशिक्षण और कार्यकुशलता को बढ़ाने के लिए अत्याधुनिक डेस्कटॉप सिमुलेटर स्थापित किया जाएगा। यह सिमुलेटर जम्मू लॉबी में लगाया जाएगा, जिससे मंडल के लोको पायलटों को कार्यस्थल पर ही आधुनिक प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

डेस्कटॉप सिमुलेटर के माध्यम से लोको पायलटों को वास्तविक परिचालन परिस्थितियों का आभासी अनुभव कराया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान घने कोहरे, भारी बारिश, भूस्खलन, सिग्नल फेल्योर जैसी विषम परिस्थितियों में सुरक्षित संचालन का अभ्यास कराया जा सकेगा। इसके अलावा सिग्नलिंग प्रणाली, ब्रेकिंग तकनीक और लोकोमोटिव संचालन से संबंधित तकनीकी दक्षता को भी मजबूत किया जाएगा।

सिमुलेटर की मदद से ब्रेक फेल होने, ओवरशूटिंग अथवा ट्रैक पर अचानक बाधा आने जैसी आपात स्थितियों में त्वरित एवं सुरक्षित निर्णय लेने की क्षमता विकसित की जाएगी। नियमित अभ्यास से लोको पायलट अपनी कार्यप्रणाली की कमियों को पहचानकर उनमें सुधार कर सकेंगे।

वास्तविक लोकोमोटिव पर प्रशिक्षण की तुलना में सिमुलेटर आधारित प्रशिक्षण अधिक सुरक्षित और किफायती भी होगा। इसमें ईंधन एवं अन्य संसाधनों की खपत के बिना बार-बार अभ्यास संभव है। यह सुविधा नए लोको पायलटों के प्रशिक्षण के साथ-साथ रिफ्रेशर कोर्स और नियमित कौशल विकास में भी उपयोगी साबित होगी।

जम्मू मंडल में लोको पायलटों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे में प्रशिक्षण सुविधाओं को मजबूत करने की यह पहल रेल संचालन की सुरक्षा को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार इससे लोको पायलटों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी। जम्मू मंडल ‘सुरक्षा सर्वोपरि’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Related Articles

Back to top button