आगरा की कोठी मीना बाजार में बनेगा छत्रपति शिवाजी महाराज का भव्य स्मारक, महाराष्ट्र सरकार भी करेगी सहयोग

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई / लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री एवं आगरा दक्षिण से भाजपा विधायक योगेन्द्र उपाध्याय ने शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से उनके मुंबई स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट कर आगरा की ऐतिहासिक कोठी मीना बाजार में छत्रपति शिवाजी महाराज के दिव्य एवं भव्य स्मारक के निर्माण में महाराष्ट्र सरकार की सहभागिता का आग्रह किया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस ऐतिहासिक परियोजना में उत्तर प्रदेश सरकार के साथ पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

योगेन्द्र उपाध्याय ने मुख्यमंत्री फडणवीस को बताया कि उनके नेतृत्व में इतिहासकार प्रो. सुगम आनन्द तथा डॉ. अमि आधार निडर (स्वर्गीय) द्वारा किए गए ऐतिहासिक शोध से यह तथ्य सामने आया कि मुगल सम्राट औरंगजेब ने छलपूर्वक छत्रपति शिवाजी महाराज और उनके पुत्र को जयपुर के मिर्जा राजा जयसिंह के पुत्र राम सिंह की जिस कोठी में नजरबंद रखा था, वही स्थान आज कोठी मीना बाजार के नाम से जाना जाता है। इसी स्थान से छत्रपति शिवाजी महाराज ने अपने अद्वितीय साहस, बुद्धिमत्ता और रणनीतिक कौशल का परिचय देते हुए मुगल पहरे को धता बताकर ऐतिहासिक रूप से प्रस्थान किया था।

उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक स्थल पर छत्रपति शिवाजी महाराज का स्मारक स्थापित कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। योगी सरकार द्वारा कोठी के अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसके पूर्ण होते ही स्मारक निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सरकार मिलकर ऐसा भव्य स्मारक विकसित करें, जो राष्ट्रीय एकता, भारतीय शौर्य और गौरव का प्रतीक बने। उन्होंने कहा कि आगरा आने वाला प्रत्येक पर्यटक ताजमहल के साथ-साथ छत्रपति शिवाजी महाराज के इस स्मारक का भी दर्शन करे। यह स्मारक नई पीढ़ी को भारत के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने के साथ-साथ विश्व के सामने भारतीय पराक्रम और स्वाभिमान का प्रेरक संदेश भी देगा।

मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने इस पहल की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि महाराष्ट्र सरकार इस ऐतिहासिक स्मारक के निर्माण में उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर कार्य करेगी।

मुलाकात के दौरान महाराष्ट्र नेता सुनील कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले योगेन्द्र उपाध्याय ने महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार से भी इस विषय पर विस्तृत चर्चा की थी।

Related Articles

Back to top button