सात साल के प्यार को शादी का नाम देंगी अभिनेत्री वैभवी मल्होत्रा, अंश बत्रा के साथ लेंगी सात फेरे

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : वेब सीरीज ‘ब्राउन’ में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री और निर्माता वैभवी मल्होत्रा जल्द ही अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रही हैं। वह अगले महीने अपने लंबे समय के साथी अंश बत्रा के साथ शादी के बंधन में बंधेंगी। दोनों पिछले सात वर्षों से एक-दूसरे के साथ हैं और अब अपने रिश्ते को शादी का नाम देने जा रहे हैं।

अपने रिश्ते की कहानी साझा करते हुए वैभवी ने बताया कि वह और अंश एक ही कॉलोनी में बड़े हुए, लेकिन कभी मुलाकात नहीं हुई। 21वें जन्मदिन से कुछ सप्ताह पहले दोनों की पहली मुलाकात हुई थी। उस समय वैभवी ने अपनी पहली फिल्म साइन की थी और मुंबई जाने की तैयारी कर रही थीं।

अभिनेत्री के मुताबिक, पहली मुलाकात में दोनों कार से घूमने निकले और करीब तीन घंटे तक बातचीत करते रहे। उनका पहला डिनर भी खास रहा, जिसमें कम उम्र में ही दोनों ने परिवार और बच्चों को लेकर बातें की थीं।

वैभवी मुंबई में अपने अभिनय करियर को आगे बढ़ा रही थीं, जबकि अंश दिल्ली में नौकरी कर रहे थे। इसके बावजूद दोनों ने दूरी को अपने रिश्ते पर हावी नहीं होने दिया। वैभवी ने बताया कि दोनों ने हमेशा एक-दूसरे के सपनों और करियर का सम्मान किया तथा हर परिस्थिति में साथ निभाया।

शादी से पहले वैभवी और अंश ने तिरुपति बालाजी मंदिर पहुंचकर भगवान वेंकटेश्वर का आशीर्वाद लिया। दोनों ने मां पद्मावती देवी के भी दर्शन किए। वैभवी ने बताया कि भगवान बालाजी के प्रति उनकी गहरी आस्था है, जो उन्हें अपने पिता से मिली है।

वैभवी की शादी के समारोह 14 नवंबर को ढोल समारोह के साथ शुरू हो चुके हैं। सात साल के इस रिश्ते का नया पड़ाव उनके परिवार और करीबियों के लिए खुशी का अवसर बन गया है।

Related Articles

Back to top button