
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू), लखनऊ के इनोवेशन हब की ओर से आयोजित फैकल्टी अपडेशन प्रोग्राम में बीबीएयू के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. राजश्री पाण्डेय ने ‘क्रिप्टोग्राफी बियॉन्ड द सिफर’ विषय पर आमंत्रित व्याख्यान दिया। इस दौरान उन्होंने साइबर सुरक्षा की आधुनिक तकनीकों, चुनौतियों और व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी साझा की।
अपने व्याख्यान में प्रो. राजश्री पाण्डेय ने ऑफेंसिव सिक्योरिटी और डिफेंसिव सिक्योरिटी के विभिन्न पहलुओं को समझाया। उन्होंने बताया कि साइबर हमलों की कार्यप्रणाली को समझना, सुरक्षा संबंधी कमजोरियों की पहचान करना और नेटवर्क की सुरक्षा सुनिश्चित करना आज के डिजिटल दौर में बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने डिजिटल प्रणालियों को सुरक्षित रखने के व्यावहारिक तरीकों पर भी प्रकाश डाला।

प्रो. पाण्डेय ने ट्रायहैकमी (TryHackMe) प्लेटफॉर्म के साथ एनमैप (Nmap) और काली लिनक्स (Kali Linux) जैसे साइबर सुरक्षा टूल्स के माध्यम से तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने इनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में उपयोगिता से प्रतिभागियों को अवगत कराया। साथ ही आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के ज्ञान, तकनीकी दक्षता और साइबर जागरूकता को समय की आवश्यकता बताया।

उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीकों के तेजी से विस्तार के साथ साइबर सुरक्षा का महत्व भी बढ़ रहा है। ऐसे में शिक्षकों और तकनीकी विशेषज्ञों को नवीनतम तकनीकों की जानकारी रखना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. महिप सिंह ने प्रो. राजश्री पाण्डेय को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समन्वयन गौरव मिश्रा ने किया। व्याख्यान के माध्यम से प्रतिभागियों को क्रिप्टोग्राफी और आधुनिक डिजिटल सुरक्षा तकनीकों की नई जानकारी के साथ व्यावहारिक समझ विकसित करने का अवसर मिला।
