
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, गाज़ियाबाद : उत्तर रेलवे के विद्युत विभाग ने ट्रैक्शन पावर कंट्रोलर्स (टीपीसी) की तकनीकी दक्षता, परिचालन क्षमता और संरक्षा कौशल बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित विशेष क्षमता निर्माण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया। 12 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026 तक गाजियाबाद स्थित विद्युत प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित इस प्रशिक्षण में उत्तर रेलवे के सभी छह मंडलों के कुल 80 टीपीसी ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम छह सत्रों में आयोजित किया गया, जिनमें प्रत्येक सत्र तीन दिवसीय था। इसमें जम्मू, फिरोजपुर, अंबाला, दिल्ली, मुरादाबाद और लखनऊ मंडल के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। बुधवार को छठे और अंतिम सत्र के समापन के साथ प्रशिक्षण पहल पूरी हुई।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कक्षा शिक्षण, व्यावहारिक सिम्युलेटर अभ्यास और फील्ड ट्रेनिंग के माध्यम से तकनीकी जानकारी दी गई। पहले दिन ट्रैक्शन पावर कंट्रोलर्स की भूमिका, जिम्मेदारियों, स्काडा (SCADA) प्रणाली, ट्रैक्शन सब-स्टेशन की सुरक्षा और फील्ड स्टाफ के साथ समन्वय पर जानकारी दी गई।

दूसरे दिन प्रतिभागियों ने स्काडा प्रशिक्षण सिम्युलेटर पर अभ्यास किया। इसमें सामान्य परिचालन के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने और विद्युत आपूर्ति संबंधी व्यवधानों से निपटने का अभ्यास कराया गया। तीसरे दिन दिल्ली मंडल के रेलवे नियंत्रण केंद्र (आरसीसी), स्काडा केंद्र और चाणक्यपुरी स्थित 25 केवी ट्रैक्शन सब-स्टेशन का भ्रमण कर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

गौरतलब है कि टीपीसी 25 केवी ट्रैक्शन विद्युत आपूर्ति की निगरानी एवं नियंत्रण, फील्ड कर्मचारियों के साथ समन्वय और विद्युत व्यवधानों के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों से फीडबैक लेने और प्रमाणपत्र वितरण के साथ हुआ। उत्तर रेलवे की इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों की तकनीकी क्षमता बढ़ाने, परिचालन समन्वय मजबूत करने और विद्युतीकृत रेल नेटवर्क पर सुरक्षित, सुचारु एवं विश्वसनीय रेल सेवाएं सुनिश्चित करना है।
