
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति के मामले में न्याय की मांग को लेकर पिछले 80 दिनों से इको गार्डन में धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने गुरुवार को राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। सुबह करीब 11 बजे पहुंचे अभ्यर्थियों ने कार्यालय परिसर के बाहर झाड़ू लगाकर केंद्रीय राज्य शिक्षा मंत्री एवं आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी से न्याय की गुहार लगाई। प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों को बसों में बैठाकर इको गार्डन धरना स्थल भेज दिया।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने कहा कि उनकी मांग है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति के आदेशों का पालन किया जाए। भर्ती परिणाम में आरक्षण विसंगति का संशोधन कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
सह नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने बताया कि 10 सितंबर को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रकरण पर अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री द्वारा लिए जाने की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि अभ्यर्थी प्रदेश के कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों से मिल चुके हैं। उन्हें लगातार आश्वासन मिल रहे हैं, लेकिन न्याय नहीं मिला। महिला मोर्चा प्रमुख रंजना जायसवाल ने भी महिला अभ्यर्थियों की लंबी प्रतीक्षा का मुद्दा उठाते हुए भर्ती परिणाम संशोधित करने की मांग की।

तूफान सिंह ने कहा कि जयंत चौधरी ने इस मामले में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार को पहल करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है।
प्रदर्शन में सच्चिदानंद, विनोद प्रजापति, राम प्रवेश, नसीम, अजय मावी सहित सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल रहे। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
