
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज के विधि विभाग की ओर से संविधान दिवस के उपलक्ष्य में सप्ताहव्यापी संविधान जागरूकता कार्यक्रम के तहत 18 नवंबर को डिपार्टमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल आदर्शों, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. एम.एल. मीणा ने आयोजन की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के बीच संवैधानिक चेतना विकसित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने पर जोर दिया।
प्रो. सुदर्शन वर्मा ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना पर व्याख्यान देते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल आदर्शों की विस्तार से व्याख्या की। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में निहित मूल्यों को समझने और दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रो. गुलाब चंद यादव ने पटाखों के उपयोग से होने वाले पर्यावरणीय दुष्प्रभावों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण को कम करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

वहीं, डॉ. रवि शंकर वर्मा ने कृषि और पर्यावरण के बीच गहरे संबंधों को रेखांकित करते हुए कृषि गतिविधियों के पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के संदर्भ में संविधान के मौलिक कर्तव्यों के महत्व को भी समझाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने संविधान प्रदत्त अधिकारों और कर्तव्यों के माध्यम से राष्ट्र, समाज एवं पर्यावरण के प्रति नागरिक जिम्मेदारियों को समझा। अंत में प्रो. अनीस अहमद ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में संदेश दिया गया कि जागरूक नागरिक बनने के लिए अधिकारों की जानकारी के साथ कर्तव्यों का पालन और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान भी आवश्यक है।
