
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, भोपाल : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए भोपाल में चिरायु मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पास देवास-भोपाल कॉरिडोर पर सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा रही है। चेनज 11+600 से 12+400 के बीच वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और स्थानीय दुकानदारों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है।
अप्रैल 2026 में IIT मद्रास के CoERS द्वारा तैयार इंटरवेंशन प्लानिंग रिपोर्ट में चेनज 12+000 (RHS MCW) पर दोपहिया वाहन चालकों के बिना हेलमेट वाहन चलाने और मीडियन ओपनिंग से अनधिकृत तरीके से सड़क पार करने के मामले सामने आए थे। रिपोर्ट में इन गतिविधियों को सड़क सुरक्षा के लिए जोखिम बताते हुए जागरूकता बढ़ाने और मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का पालन कराने की आवश्यकता बताई गई थी।
देवास भोपाल कॉरिडोर प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सड़क उपयोगकर्ताओं को निर्धारित यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। साथ ही वाहन चालकों को निर्धारित दिशा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने और अनधिकृत स्थानों से सड़क पार करने से बचने की सलाह दी जा रही है।

पैदल यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे सड़क पार करने के लिए सुरक्षित और निर्धारित स्थानों का ही उपयोग करें। वहीं, स्थानीय दुकानदारों को दुकानों के सामने अतिक्रमण नहीं करने और सड़क किनारे पर्याप्त जगह बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही बाधित न हो।
सड़क सुरक्षा के लिए केवल प्रशासन या सड़क प्रबंधन की जिम्मेदारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। हेलमेट पहनने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने, सुरक्षित स्थान से सड़क पार करने और यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं का जोखिम कम किया जा सकता है। सुरक्षित सड़क व्यवस्था बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।