
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट-मझगवां : भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव वर्ष के अवसर पर दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा जनजातीय गौरव पखवाड़े के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मझगवां जनपद के जनजातीय बाहुल्य ग्राम बांका में जय बिरसा मुंडा शोध समिति के सहयोग से वृहद कार्यक्रम आयोजित हुआ।

इसमें मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह मुख्य अतिथि तथा राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह और चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि से हुआ। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने जनजातीय लोक संस्कृति पर आधारित नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से नशा मुक्ति पर आधारित नाटकों के माध्यम से समाज को जागरूक किया गया। मेधावी विद्यार्थियों, आदर्श अभिभावकों, उत्कृष्ट शिक्षकों एवं प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता की टीमों को भी पुरस्कृत किया गया।

मंत्री उदय प्रताप सिंह ने जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए बिरसिंहपुर में सांदीपनी विद्यालय खोलने की घोषणा की। सांसद गणेश सिंह ने भगवान बिरसा मुंडा को स्वाभिमान, सांस्कृतिक एकता और स्वतंत्रता का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पांच सूत्रीय शपथ भी दिलाई गई।

इसी क्रम में जन शिक्षण संस्थान एवं कृषि विज्ञान केंद्र गनीवां ने ग्राम जारोमाफी में जनजातीय गौरव दिवस मनाया। यहां मानिकपुर क्षेत्र के 63 गांवों के कोल समाज के परिवारों को कुपोषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से पोषण वाटिका अभियान की शुरुआत की गई। कृषक परिवारों को मौसमी सब्जियों के बीज किट वितरित किए गए तथा घरों में पोषण वाटिका विकसित करने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. राजेंद्र सिंह नेगी एवं जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अनिल कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। अभियान का उद्देश्य जनजातीय परिवारों को पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य और संतुलित पोषण के प्रति जागरूक कर आत्मनिर्भर बनाना है।

