
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार, 15 नवंबर 2026 को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत 300 शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहभागिता से पूर्व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रेरणा स्थल पर भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, योगेन्द्र उपाध्याय, दयाशंकर सिंह, जसवंत सिंह सैनी, सतीश चन्द्र शर्मा, रजनी तिवारी, महापौर सुषमा खर्कवाल सहित विधायक, वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

केशव प्रसाद मौर्य ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान चलाया जा रहा है। लखनऊ मंडल के लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव जनपदों के 50 हजार से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बिना भेदभाव समाज के सभी वर्गों के विकास और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रही है। भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य को प्राथमिकता दे रही है और उत्तर प्रदेश की पहचान डिजिटल अवसरों एवं सुशासन से बन रही है।

उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से टैबलेट का उपयोग मनोरंजन के बजाय शिक्षा, कौशल विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उद्यमिता के अवसर तलाशने में करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के संदेश ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए’ को स्मरण कराते हुए युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ बच्चों के बीच पहुंचकर सेल्फी ली। इस आत्मीय पहल से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली।