
अनुपूरक न्यूज़ एजेंसी, लखनऊ / नई दिल्ली : जल संरक्षण, जल प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में नई दिल्ली के ओखला स्थित यमुनोत्री परिसर में झील के पानी के शोधन एवं शुद्धिकरण के लिए स्थापित नवीन जल शोधन संयंत्र का उद्घाटन रविवार, 15 नवंबर 2026 को जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया।
इस संयंत्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य झील के पानी की गुणवत्ता में सुधार करना और जल संसाधनों का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करना है। इसके संचालन से जल शुद्धिकरण व्यवस्था मजबूत होगी तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर नक्षत्र वाटिका के अंतर्गत भारतीय ज्योतिष परंपरा में वर्णित 27 नक्षत्रों के प्रतीक स्वरूप 27 विभिन्न प्रजातियों के वृक्षों का रोपण भी किया गया। यह वाटिका भारतीय सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को प्रकृति से जोड़ने के साथ जैव विविधता और हरित परिसर के विकास को बढ़ावा देने का प्रयास है।
उद्घाटन समारोह में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जल संसाधनों के संरक्षण, जल की गुणवत्ता बनाए रखने और आधुनिक तकनीक के माध्यम से जल शोधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव अनिल गर्ग, मुख्य अभियंता (सज्जा एवं सामग्री प्रबंधन) उपेन्द्र सिंह, मुख्य अभियंता, यमुना संगठन दिनेश सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
यह संयंत्र जल संसाधनों के सतत उपयोग और स्वच्छ जल प्रबंधन को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी नई गति प्रदान करेगा।
