
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : दीनदयाल शोध संस्थान की ओर से आरोग्यधाम परिसर स्थित दंत रोग निवारण विभाग में कटे-फटे होंठ एवं तालू की समस्या से पीड़ित मरीजों के लिए निःशुल्क प्लास्टिक सर्जरी शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर 26 से 30 नवंबर तक संचालित होगा। इसमें पंजीकृत मरीजों की सर्जरी पूरी तरह निःशुल्क की जाएगी।
आरोग्यधाम दंत चिकित्सा विभाग के प्रभारी डॉ. वरुण गुप्ता ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी ख्यातिप्राप्त विशेषज्ञ सर्जन शिविर में अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में शामिल होने वाले मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण 25 नवंबर को आरोग्यधाम के दंत रोग निवारण विभाग में किया जाएगा। परीक्षण के बाद आवश्यकतानुसार मरीजों को भर्ती कर उपचार एवं सर्जरी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

उन्होंने बताया कि शिविर के लिए मरीजों का पंजीकरण आरोग्यधाम परिसर स्थित दंत रोग निवारण विभाग के पंजीकरण काउंटर पर किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में दंत चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी संस्थान लगातार प्रयासरत है। इसके साथ ही चलित चिकित्सालय के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि कटे होंठ एवं तालू की समस्या से प्रभावित बच्चों और युवाओं के लिए यह शिविर बेहद उपयोगी है। निःशुल्क सर्जरी से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सकता है। इससे उन्हें आत्मविश्वास के साथ सामान्य सामाजिक जीवन जीने का अवसर मिलता है।

दीनदयाल शोध संस्थान ने चित्रकूट, सतना एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे जरूरतमंद बच्चों एवं युवाओं का पंजीकरण कराकर इस सुविधा का लाभ दिलाएं। दूरदराज के क्षेत्रों के लोग मोबाइल नंबर 9232662326 पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं।

